जिले में बिजली अंधाधुंध कटौती ने लोगों को बेचैन कर दिया है। मनमानी पर रोक लगाने को लेकर रविवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने राबर्ट्सगंज मेन चौक पर बिजली विभाग के एक्सईएन का पुतला फूंका। साथ ही कहा कि रोस्टर के हिसाब से शहर और गांवों में बिजली की आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो वह लोग कार्यालयों में तालाबंदी करेंगे।
जिलाध्यक्ष विवेक सिंह ने कहा कि जिले मेें विद्युत का उत्पादन होता है। बावजूद यहां के लोगों को किस्तों में आपूर्ति होती है। बोर्ड परीक्षा के समय कटौती से विद्यार्थी आजिज आ गए हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों के क्रियाकलापों से जनता में नाराजगी है।
अगर तत्काल विद्युत आपूर्ति में कमी नहीं की गई तो लोगों का गुस्सा कभी भी विकराल रूप धारण कर सकता है। जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम और जिला सचिव आकाश कुमार ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है।कहा कि बिजली विभाग की मनमानी किसी सूरत में चलने नहीं दी जाएगी।
इस मौके पर अभिषेक मौर्य, राजीव बरनवाल, अमित गुप्ता, प्रदीप चौहान, विवेक पांडेय, फैज, कृष्णकांत, आशिफ खान, अभय केशरी, शनि मोदनवाल आदि मौजूद रहे।