बिजली की अनियमित कटौती से नाराज वकीलों ने गुरुवार को न्यायिक कार्य से विरत रहकर जुलूस निकालकर एक्सईएन के विरूद्ध नारेबाजी करते हुए तहसील चौराहे पर रीवा-रांची हाईवे को जाम कर दिया।
इसकी वजह से घंटों जाम लगा रहा और यात्रियों को घोर परेशानी हुई। मांगों का ज्ञापन एसडीएम डा. विश्राम सिंह को सौंपा। एसडीएम के आश्वासन पर जाम हटा तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
अनियमित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं ही वहीं दूसरी ओर एक्सईएन की ओर से मनमानी करते हुए शहरी फीडर के लाइन को ग्रामीण फीडर नधिरा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
इससे नाराज अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर जुलूस निकाला और नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए तहसील चौराहा पहुंचकर रीवां-रांची हाईवे को जाम कर दिया।
जुलूस की अगुवाई कर रहे दुद्धी बार के अध्यक्ष रामपाल जौहरी और अधिवक्ता दिनेश अग्रहरि ने कहा कि प्रदेश सरकारी की महात्वाकांक्षी योजना के तहत सभी तहसील मुख्यालयों को 33/11 केवीए विद्युत सब स्टेशन बनाने के अनुक्रम में रेलवे स्टेशन दुद्धी के पास एक विद्युत सब स्टेशन का निर्माण किया गया है।
जिसे पिपरी पावर हाउस से 33 केवीए की लाइन बनाकर स्वतंत्र रुप से जोड़ने के लिए प्रस्तावित है। पोल गाड़कर लाइन भी बना दिया गया है। कुछ काम बाकी है,
लेकिन विद्युत विभाग के अधिकारी तानाशाही रवैया अपनाते हुए पिपरी के बजाय नधिरा फीडर से जोड़ने की फिराक में हैं। जितेंद्र श्रीवास्तव और कुलभूषण पांडेय ने कहा कि नधिरा फीडर ग्रामीण फीडर में आता है और दुद्धी शहरी फीडर में। प्रदर्शन करने वालों में रामजी पांडेय, राजकुमार अग्रहरि, दिलीप पांडेय, कृष्ण देव, मनोज आदि शामिल रहे।