स्थानीय हिण्डाल्को प्रेक्षागृह में बुधवार की शाम को आयोजित तीज कार्यक्रम में संजना सुबोध को तीज क्वीन का खिताब मिला। इस मौके पर रेणुकूट महिला मंडल की सदस्याओं ने समा बाधा। श्रावणी तीज अध्यक्षा मंजुला कोहली के निर्देशन में पूरे जोश एवं उमंग के साथ मनाया गया।
महिला मंडल की सचिव अबिका डोगरा ने मंजुला कोहली सहित अन्य सदस्याओं का स्वागत करते हुए तीज के महत्व पर प्रकाश डाला।
पारंपरिक परिधानों में पूरे साज-शृृंगार के साथ पधारी महिला मंडल की सदस्याओं ने एक के बाद एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरी शाम को यादगार बना दिया।
सबसे पहले पूनम राय, सुमन राय, सविता, और हेमा सिंह ने कजरी गायन प्रस्तुत किया और उसके उपरांत सारिका अग्रवाल व मीनाक्षी गुप्ता ने मनमोहक सावन गीत सुनाया।
शशि पांडेय, सुनीता मिमानी, ज्योति विश्वकर्मा, अंजू वर्मा एवं सोनिया सिंह ने अपने धमाकेदार नृत्य से सबको झूमने पर विवश कर दिया।
प्रार्थना शर्मा ने लघु हास्य नाटिका, कुसुम मिश्रा, गीता अग्रवाल व आशिमा टंडन ने समूह गान प्रस्तुत किया। इसके बाद सबसे सुंदर परिधान व साज-शृंगार के लिए संजना सुबोध गौतम को तीज क्वीन घोषित किया गया।
अध्यक्षा मंजुला कोहली एवं कोषाध्यक्ष पूनम मेहरोत्रा ने संजना सुबोध गौतम को पुरस्कृत किया। सभी ने सावन के झूले का आनंद लिया।