सोनभद्र। घटतौली की मिल रही शिकायत को दूर करने के लिए इंडियन ऑयल अब पेट्रोल पंपों पर पोटेड प्लसर मशीन लगा रहा है। इस मशीन में न चिप लगाया जा सकता है और न ही मीटर में छेड़छाड़ की जा सकती है। छेड़छाड़ करने की सूरत में मशीन क काम करने की क्षमता समाप्त हो जाएगी। मशीन के पार्ट खराब होने पर उसे बदलने के लिए मुंबई से वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) लेना पड़ेगा। सोनभद्र में 25 पेट्रोप पंपों पर पोटेड प्लसर मशीनें लग गई हैं।
वर्ष 2017 में इलेक्ट्रानिक चिप से पेट्रोल और डीजल चोरी का खुलासा हुआ था। जगह जगह पेट्रोलपंपों की जांच की गई तो कई जगह गड़बड़ी मिली। जिले में भी अभियान चला। सात पेट्रोल पंप मालिकों पर कार्रवाई हुई। लेकिन समय के साथ-साथ यह अभियान ठंडे बस्ते में चल गया। अब इंडियन ऑयल ने अपने पंपों पर पोटेड प्लसर मशीन लगा रही है। कंपनी के सेल्स आफिसर सचिन ने बताया कि कंपनी की जिले में 48 पेट्रोल पंप हैं। सभी पंपों पर पोटेड पल्सर मशीन लगाई जा रही है। इस मशीन की खासियत है कि अगर कोई व्यक्ति उसमें छेड़छाड़ करेगा तो उसके काम करने की क्षमता समाप्त हो जाएगी। कहा कि पोटेड पल्सर मशीन का अगर कोई पार्ट खराब होगा तो उसे बदलने के लिए मुंबई से वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) लेना पड़ेगा। साथ ही बाट-माप विभाग का परमिशन मिलने के बाद ही पार्ट को बदला जाएगा। कहा कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कतें होती है तो पंपों पर लिखे कंपनी के अधिकारियों के मोबाइल नंबरों पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि अविलंब समस्याओं को दूर किया जा सके।