राबर्ट्सगंज नगरवासियों को पानी की समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय पर सपा के नगर अध्यक्ष प्रमोद यादव की अगुवाई मेें कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष पर पेयजलापूर्ति कराने में हीलाहवाली करने का आरोप मढ़ा। चेतावनी देते हुए कहा शीघ्र पेयजलापूर्ति की समस्या दूर नहीं हुई अनशन शुरू किया जाएगा।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भाजपा के नगर पालिका अध्यक्ष ने जनता से वादा किया था कि पानी की किल्लत नहीं होने देंगे। लेकिन अध्यक्ष अपने वादों पर खरा नहीं उतर रहे।
कहा कि जब-जब गर्मी का मौसम आता है जनता को पानी के लिए परेशान होना पड़ता है। पानी के लिए जनता बाल्टी लेकर इधर-उधर भटक रही है।
कहा कि नगर पालिका प्रशासन नगरवासियों से गृह कर लेता है, इसके बावजूद पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं करा रहा है। प्रदेश सरकार ने पेयजलापूर्ति के लिए जो पैसा दिया था उसका क्या हुआ इसका जवाब जनता को देने वाला कोई नहीं है।
प्रमोद यादव ने कहा कि इस बार पानी की समस्या का निदान करा कर ही दम लेंगे, चाहे अनशन करना क्यों न पड़े। मनोज केशरी और मुस्तफा जमाल ने कहा कि पाइप लाइन के जरिए सुबह और शाम पानी की आपूर्ति की जाए। क्योंकि टैंकरों से पानी लेने के लिए विवाद की नौबत उत्पन्न हो जाती है। इस मौके पर मनीष त्रिपाठी, सुरेश अग्रहरि, हरि भारती, मुमताज आलम, राजू गुप्ता, मनीष आदि मौजूद रहे।