Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पुलिस ने पीड़ित के पैसे वापस करवाए तो वह खुशी से खिल उठा। पुलिस ने बताया कि साइबर फ्राॅड होने के 24 घंटे के अंदर अगर शिकायत मिल जाए तो काफी हद तक पैसे वापस हो सकते हैं।
साइबर अपराध के शिकार एक युवक को थाना चोपन पुलिस ने बड़ी राहत दी है। थाना की साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए ठगे गए 1.88 लाख रुपये वापस कराए। अग्रवाल मार्केट निवासी धीरज जायसवाल के साथ ऑनलाइन ठगी की गई थी।
विज्ञापन
अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को आरटीओ अधिकारी बताकर लाइसेंस बनवाने के नाम पर एक लिंक भेजा। जैसे ही पीड़ित ने लिंक पर क्लिक किया, उसके बैंक खाते से 189500 रुपये कट गए। पीड़ित से शिकायत लेकर साइबर पुलिस पोर्टल पर दर्ज कराई गई।
जांच के दौरान टीम ने धोखाधड़ी की गई धनराशि को गुजरात के मेहसाणा, बिहार के मोतिहारी, दिल्ली, महाराष्ट्र, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) और इंदौर (मध्य प्रदेश) स्थित बैंक खातों में ट्रेस कर होल्ड कराया।
विज्ञापन
संबंधित बैंक शाखाओं से संपर्क कर धनवापसी की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। एसपी अभिषेक वर्मा ने चोपन पुलिस की टीम को बधाई देते हुए लोगों से साइबर क्राइम से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील की।