मौसम का तापमान जो भी हो, मगर बुधवार को सोनांचल में सियासी पारा जरूर हाई रहेगा। एक तरफ गृह मंत्री अमित शाह होंगे तो दूसरी ओर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की दो जनसभाएं होंगी। इसे लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। जनसभाओं में अपनी ताकत दिखाने के लिए राजनीतिक दल भी सक्रिय रहे। नेताओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को रैली में आने का आमंत्रण दिया।
गृहमंत्री अमित शाह दोपहर दो बजे ओबरा विधानसभा क्षेत्र में चोपन में रामलीला मैदान के समीप जनसभा को संबोधित करेंगे। जिले के मध्य में जनसभा के जरिये वह रॉबर्ट्सगंज लोकसभा से अपना दल-एस की प्रत्याशी रिंकी कोल और दुद्धी विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी श्रवण सिंह गोंड के समर्थन में माहौल बनाएंगे। जनसभा को सफल बनाने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय पर बैठक की गई। इसमें मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट वित्त मंत्री सुरेश खन्ना मौजूद रहे। इस मौके पर सदर विधायक भूपेश चौबे, ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, बलराम सोनी, रवींद्र केशरी, अनूप तिवारी, रुबी गुप्ता आदि रहे। उधर, सपा प्रमुख अखिलेश यादव की जनसभा दोपहर 12 बजे दुद्धी में जीआईसी के खेल मैदान पर होगी। वह दुद्धी उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी विजय सिंह गोंड व लोकसभा प्रत्याशी छोटेलाल खरवार के समर्थन में वोट मांगेंगे। वहीं रॉबर्ट्सगंज में दोपहर 1 बजे से हाइडिल मैदान में भी जनसभा करेंगे। कार्यक्रम की सफलता को लेकर पार्टी कार्यकर्ता तैयारियों में लगे रहे। पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, रमेश दुबे, जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, विजय यादव, संजय यादव सहित अन्य नेताओं ने बैठक कर रुपरेखा तैयार की।
अफसरों ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा को लेकर रेलवे इंटर काॅलेज में हेलीपैड बनकर तैयार हो गया है। मंगलवार को डीएम चंद्र विजय सिंह व एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। हैलीपेड से लेकर सभास्थल तक सुरक्षा प्रबंध की जानकारी ली। डाग स्क्वायड टीम, बम निरोधक दस्ता ने हेलीपैड स्थल से लेकर सभास्थल तक सघन जांच किया। इस दौरान एसडीएम अजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।