Police watch over borders of four states
सोनभद्र। कोरोना वायरस केचलते जिले से सटे बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के बार्डर को अग्रिम आदेश तक के लिए पुलिस ने सील कर दिया है। यहां तैनात जवानों को आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगाने की छूट दी गई है। सोमवार को बार्डरों से लोगों को आने-जाने नहीं दिया गया। मजबूरी में सभी लोगों को वापस अपने-अपने घरों को लौटना पड़ा।
घोरावल: कोरोना वायरस के संकट को देखते हुए घोरावल को सिंगरौली जिला से जोडने वाले यूपी-एमपी की सीमा को सोमवार को अलसुबह से ही सिंगरौली जिला प्रशासन द्वारा सील कर दिया गया है। रविवार को जनता कफ्र्यू के बाद आवाजाही पर रोक के कारण सिंगरौली के सीमावर्ती इलाकों से अनाज बेचने के लिए और आवश्यक वस्तुओं की खरीददारी करने के लिए घोरावल नगर आ रहे किसानों एवं ग्रामीणों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा और उन्हें बॉर्डर पर से ही बैरंग वापस लौटना पड़ा। घोरावल नगर से करीब 12 किलोमीटर दूर बर्दिया गांव के बाद से मध्यप्रदेश की सीमा प्रारंभ हो जाती है। सिंगरौली की चितरंगी तहसील देवसर क्षेत्र, भरहरी क्षेत्र इत्यादि के दर्जनों गांवों के किसान व ग्रामीण घोरावल गल्ला मंडी में अनाज बेचने के लिए आते हैं और अनाज बेचकर किराना, बर्तन, कपड़े, सब्जी, दवाइयां इत्यादि रोजमरा जरूरत की चीजें खरीदते हैं। उधर आसनडीह संवाददाता के मुतबिक सोमवार छत्तीसगढ़ तथा उत्तर प्रदेश सीमा के बीच आसनडीह बार्डर पर बभनी पुलिस ने आने-जाने वाले सभी वाहनों के आवाजाही पर पूर्णतया रोक लगा दिया। क्षेत्र में बाहर से काम कर आने वाले युवकों पर भी खुफिया तंत्र से जानकारी ली जा रही है। बार्डर पर एस.आई श्रीकांत टीम के साथ डटे रहे। विण्ढमगंज थाना क्षेत्र झारखंड सीमा से सटे रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बॉर्डर पर झारखंड पुलिस ने बार्डर को सील कर दिया।