सोनभद्र। नक्सलियों की तलाश में रविवार को जुगैल, शाहगंज और म्योरपुर थाने की पुलिस अपने-अपने क्षेत्र के जंगलों में कांबिंग की। इस दौरान पुलिस ने रहवासियों से संदिग्धों के बारे में पूछताछ की और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह के निर्देश पर नक्सली संचरण पर प्रभावी रोकथाम रखने, दूरस्थ व पहाड़ी क्षेत्रों के निवासियों/वनवासियों से समन्वय स्थापित रखने/सुरक्षा की भावना बनाये रखने एवं अभिसूचना संकलन के उद्देश्य से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस सघन काम्बिंग कर रही है। रविवार को जुगैल थाने के उपनिरीक्षक विजय शंकर यादव के नेतृत्व में फोर्स ने भरहरी जंगल में कांबिंग की। वहीं फोर्स के साथ शाहगंज थानाध्यक्ष शेषनाथ पाल ने महुअरिया तथा ग्राम जुड़ैली में और म्योरपुर प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में फोर्स ने कुसुम्हा तथा रासपहाड़ी में जंगल में कॉम्बिंग किया। इस दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर लाभप्रद सूचनाओं के संकलन सहित किसी भी प्रकार की समस्या अथवा सूचना होने पर तत्काल अवगत कराने की अपील की। इस दौरान लोगों लोगों से भयमुक्त होकर किसी के बहकावे में न आते हुए पुलिस का सहयोग करने की बात कही गई। नक्सलियों के सम्बन्ध में जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराने तथा कोविड-19 के दृष्टिगत शासन-प्रशासन द्वारा जारी गाइड लाइन का पालन करने की भी जानकारी दी गई।