राजकुमारी चंद्रकांता के तिलिस्मी किले विजयगढ़ पर अब पुलिस की पैनी निगाह रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस ने यहां स्थाई चौकी स्थापित की है। मनोज सिंह को इसका इंचार्ज नियुक्त किया गया है।
रामपुर बरकोनिया थाना अंतर्गत इस चौकी का संचालन फिलहाल मऊ कलां ग्राम पंचायत के यात्री शेड में किया जा रहा है। जल्द ही चौकी के लिए स्थाई भवन का निर्माण होगा। किले के चारों तरफ सीसी टीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
इसके माध्यम से वहां की हर गतिविधि पर निगरानी रखी जाएगी। जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर स्थित विजयगढ़ किला ऐतिहासिक व पुरातात्विक महत्व का स्थल है। पुरातत्व विभाग ने इसे संरक्षित क्षेत्र घोषित किया है।
बावजूद यहां निरंतर गतिविधियां होती रहती हैं। किले के ऊपर मीरान शाह बाबा की मजार है तो बगल में हिंदू आस्था का केंद्र मंदिर और रामसरोवर तालाब है। कभी न सूखने वाले इस तालाब से कांवड़िया सावन में जल लेकर शिवद्वार में उमामहेश्वर को अर्पित करते हैं।
घने जंगल के बीच सुनसान स्थान पर स्थित इस किले के इर्द-गिर्द पिछले कुछ समय से आपराधिक गतिविधियां भी सक्रिय हुई हैं। हाल ही में मजार के मुजावर की हत्या कर दी गई थी। इससे पूर्व भी कई घटनाएं हो चुकी हैं।
इसके मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा लिहाज से यहां चौकी स्थापित की है। सावन मेले के साथ सक्रिय हुई इस चौकी का संचालन मऊ कलां ग्राम पंचायत में निर्मित यात्री शेड में किया जा रहा है। स्थाई भवन के लिए आसपास जगह तलाशी जा रही है।
इसके साथ किले के मुख्य प्रवेश द्वार और पिछले हिस्से में उच्च गुणवत्ता वाले सीसी टीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। किले के ऊपर अन्य स्थलों पर भी कैमरे लगाए गए हैं, जिसे किले के ऊपर होने वाली हर गतिविधि पुलिस की नजर में रहे। पुलिस की पहल पर यहां सोलर लाइट की भी व्यवस्था ग्राम पंचायत के माध्यम से कराई गई है।
चंद्रकांता से चर्चा में आया था किला
विजयगढ़ किले का इतिहास तो काफी पुराना है, लेकिन देवकी नंदन खत्री के प्रसिद्ध उपन्यास चंद्रकांता संतति से यह किला खूब चर्चा में आया। उनके उपन्यास पर आधारित टीवी धारावाहिक चंद्रकांता की नायिका को विजयगढ़ की ही राजकुमारी बताया गया था। किले से जुड़े तिलिस्म और अय्यारी के किस्सों ने इस किले की ओर पर्यटकों का रुझान बढ़ाया। आज भी दूरदराज से विजयगढ़ आने वाले लोग किले के खंडहर में उसी काल्पनिक कहानी के इतिहास को ढूंढते नजर आते हैं।
हिंदू- मुस्लिम समुदायों के धर्मस्थल, आते हैं पर्यटक
किले के ऊपर हिंदू व मुस्लिम संप्रदाय के प्रमुख धर्म स्थल हैं। दोनों ही स्थल काफी पास हैं।समय-समय पर वहां विविध आयोजन होता रहता है। अप्रैल में मीरान शाह बाबा की मजार पर लगने वाले उर्स में हजारों जायरीन पहुंचते हैं तो पास में ही स्थित रामसरोवर से कांवड़ में जल भरने के लिए सावन में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। मान्यता है कि सैकड़ों फीट ऊंचाई पर स्थित इस तालाब का पानी कभी नहीं सूखता। हाल की घटनाओं से किले की संवेदनशीलता बढ़ी है। यहां नजदीकी थाना रामपुर बरकोनिया करीब 8-10 किमी दूर है।
विजयगढ़ किले के ऐतिहासिक और सामाजिक महत्व को देखते हुए वहां सुरक्षा के लिहाज से पुलिस चौकी स्थापित की गई है। यह चौकी स्थाई रूप से रहेगी। इसके भवन निर्माण के लिए जगह देखी जा रही है। किले के ऊपर और दोनों प्रवेश द्वार पर कैमरे भी लगाए गए हैं, जिससे उसकी निगरानी कराई जा सके।
-अशोक कुमार मीणा, एसपी।