पुलिस अधीक्षक शिवशंकर यादव ने शनिवार को बभनी थाने का वार्षिक मुआयना किया। पुलिस कर्मियों को थाने में ही आनलाइन मुकदमे दर्ज करने के निर्देश दिए।
कहा, इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान एसपी ने दरोगा अवधेश यादव को रिवाल्वर पकड़ाकर उसे चलाने का तरीका पूछा। एसपी ने खुद भी हथियार उठाकर उसकी स्थिति जांची।
बभनी थाने का शनिवार को निरीक्षण करने पहुंचे एसपी को सबसे पहले गार्ड आफ आनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर को जायजा लिया। पहले पीएसी कैंप में पहुंचे।
जवानों से सुविधाओं और असुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। फिर मालखाना देखा। सामानों और रजिस्टरों के रखरखाव की स्थिति देखी। रजिस्टरों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
परिसर की सफाई देख उन्होंने संतुष्टि जाहिर की। कंप्यूटर कक्ष देखा और आनलाइन मुकदमों के बारे में पूछताछ की। कहा कि अब रजिस्टर पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं होगा।
सभी मुकदमे आनलाइन दर्ज किए जाएंगे। इसमें किसी तरह की लारपवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिर उन्होंने शस्त्रों का निरीक्षण किया।