बभनी थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ बार्डर करकच्छी के जंगल में कांबिंग करते पुलिस व पीएसी के जवान
- फोटो : SONBHADRA
बभनी। जिले की सीमा से सटे बिहार में पिछले दिनों विस्फोटक पदार्थ पाये जाने के बाद पुलिस अलर्ट है। पुलिस व पीएसी के जवान लगातार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कांबिंग कर रहे हैं। गुरुवार को बभनी थाना पुलिस ने पीएसी जवानों के साथ करकच्छी के जंगल में सघन कांबिंग किया।
जवानों ने कई गांवों में और जंगली इलाकों में कांबिंग कर नक्सल गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही ग्रामीणों से क्षेत्रीय समस्याओं के बारे में जानकारी ली। गुरुवार को बभनी प्रभारी निरीक्षक अविनाश चंद सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस और पीएसी के जवानों ने छत्तीसगढ़ बार्डर से सटे बजिया, नवाटोला, पोखरा, बसकट्टा, करकच्छी, खोतोमहुआ के गांवों और बजिया तथा करकच्छी के जंगल में सघन कांबिंग किया। कांबिंग के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों से रूबरू होकर कहा कि भयमुक्त होकर रहें। अगर किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत हो तो तत्काल थाने पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि गांव में किसी भी अपरिचित व्यक्ति को शरण न दें। किसी के बहकावे में न आयें। अगर कोई किसी भी प्रकार का प्रलोभन देता है तो सूचना दें। कांबिंग के दौरान सब इंस्पेक्टर संजय कुमार पाल, उपेंद्र कुमार, पंकज कुमार यादव, भैयालाल, तरुण कुमार, मनोज कुमार तथा चालक अशोक कुमार भारती रहे।