सीआरपीएफ के साथ पुलिस ने की नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कांबिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनभद्र। नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने शनिवार को सीआरपीएफ व पीएसी के अलावा दुद्धी, बभनी, म्योरपुर, बीजपुर थाने की पुलिस के साथ सीमावर्ती गांव कोरची, भीसुर, नाचनताड़ आदि में सघन कांबिंग की। कांबिंग से पहले पुलिस अधीक्षक ने जवानों को आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए।
कांबिंग के बाद पुलिस अधीक्षक ने कोरची गांव में चौपाल ग्रामीणों से बात कर उनके समस्याओं की सुनवाई भी की। साथ ही ग्रामीणों को समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव कोशिश करने का भरोसा भी दिया। पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से भयमुक्त होकर रहने तथा किसी के बहकावे में न आने का आह्वान किया। साथ ही नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रम के लिए पुलिस का सहयोग करने को कहा। उन्होंने स्थानीय थाने की पुलिस को भी जनता से मृदुल व्यवहार करतेकी नसीहत दी।