जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर पुलिस महकमा अलर्ट हो गया है। चुनाव में खलल पैदा करने वालों को पकड़ने के लिए सादे पोशाक में पुलिस की 22 टीमें घूम रही हैं। थानों की फोर्स भी सतर्क हो गई है। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने मातहतों को व्यवधान उत्पन्न करने वालों को तत्काल गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है।
कलेक्ट्रेट में 26 जून को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सपा समर्थित जयप्रकाश पांडेय और अपना दल की समर्थित उम्मीदवार राधिका पटेल ने नामांकन किया। 29 जून की पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नामांकन पत्रों को वापस लेने का समय निर्धारित है। तीन जुलाई की 11 बजे से तीन बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतों की गणना कार्य समाप्ति तक होगा और उसी दिन चुनाव परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी। उधर, नामांकन करने के बाद उम्मीदवारों और उनके समर्थकों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इसी बीच संदिग्ध हाल में जरहा के जिला पंचायत सदस्य के घर से लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। एसपी ने सभी सीओ और थाना प्रभारियों को आयोग के निर्देशानुुसार निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने में खलल पैदा करने वालों से सख्ती से निपटने का निर्देश दिया है। उधर सभी थानों में सादे पोशाक में पुलिस की एक-एक टीमें भ्रमण कर रही है।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराया जाएगा। अगर कोई व्यक्ति चुनाव में खलल पैदा करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए मातहतों को निर्देशित कर दिया गया है।-अमरेंद्र प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र।