सोनभद्र। जिले में भूमि संबंधी विवादों के निस्तारण को लेकर पुलिस अलर्ट हो गई है। वर्तमान में चुर्क-गुर्मा नगर पंचायत के वार्ड नंबर नौ में भूमि विवाद को लेकर सबसे अधिक तनाव है। इसका खुफिया इनपुट मिलने के बाद पुलिस सर्तक हो गई। एसपी ने क्षेत्राधिकारियों को भूमि संबंधी मामलों की मानिटरिंग करते हुए राजस्व कर्मियों के साथ शीघ्र विवादों का निस्तारण करने का निर्देश दिया है। ताकि विवाद गंभीर रूप न ले सकें।
2019 में घोरावल कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा गांव में एक सोसाइटी के विवादित जमीन को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया था। इसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो दर्जन से अधिक घायल हो गए थे। इस घटना के बाद से पुलिस प्रशासन जमीनी विवाद को लेकर गंभीर हो गया है और कार्रवाई भी तेज कर दी है। एसपी के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों ने जिन गांवों में जमीन को लेकर विवाद चल रहे है उनकी सूची तैयार कर उच्चाधिकारियों को दे दिया है। रिपोर्ट में किस जमीन को लेकर किन-किन लोगों के मध्य विवाद है और पहले विवाद हो चुका है या नहीं है। वर्तमान में दोनों पक्षों के बीच क्या स्थिति है, पुलिस द्वारा अब तक मामले की क्या कार्रवाई की गई है, मामला किस न्यायालय में चल रहा है आदि बिंदुओं की जानकारी का जिक्र किया गया है। उक्त रिपोर्ट के आधा पर सर्किल आफिसरों को भूमि विवाद के मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए कार्यवाही करने का आदेश दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जमीन से जुड़े मामलों का राजस्व विभाग से जुड़े लोगों से संपर्क कर हल कराने का कार्य किया जा रहा है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहें। कहा कि मातहतों को जिस जमीनों को लेकर विवाद होने की स्थिति है उसमें दोनों पक्षों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का फरमान जारी किया गया है।