तेज आंधी व बारिश से गिरे खंभे, 100 से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप
घुवास व बिसरेखी सब स्टेशनों के फीडरों से जुड़े ग्रामीण इलाकों की बिजली गुल
संवाद न्यूज एजेंसी
घोरावल। शनिवार रात आंधी के साथ हुई बारिश से घोरावल के आस पास ग्रामीण इलाकों के करीब 100 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शनिवार रात से लेकर रविवार शाम तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इससे ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना था कि धुरकरी गांव में बकहर नदी के पास बिजली के खंभे टूटकर गिरने और तार टूटने से आपूर्ति बाधित हुई और रविवार को देर शाम तक बिजली आपूर्ति चालू हो जाएगी।
घोरावल तहसील क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के अधिकांश गांवों में मिर्जापुर जनपद के गुरुदेव नगर से बिजली आपूर्ति की जाती है। शनिवार रात में तेज आंधी के साथ बारिश भी हुई। आंधी के प्रभाव से धुरकरी गांव में बकहर नदी के पास कई खंभे धराशायी हो गए और तार टूट कर गिर पड़े। इससे घोरावल तहसील क्षेत्र के बिसरेखी व घुवास सब स्टेशनों से जुड़े फीडरों के तमाम गांवों में आपूर्ति बंद हो गई।बताया गया कि इन सब स्टेशनों से जुड़े शिवद्वार, खड़देऊर, मुसहां, बिसरेखी, धरसड़ा, विसुंधरी, सतौहा,घुवास, परसौना, अमिलौधा, मुक्खा, तेंदुहार समेत करीब 100 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी रविवार सुबह से ही बिजली आपूर्ति शुरू करने के लिए लग गए।धुरकरी गांव में बिजली के गिरे हुए खंभों व टूटकर गिरे विद्युत तारों को दुरुस्त करने के लिए अवर अभियंता व लाइनमैन लगातार जुटे हुए हैं।रविवार देर शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा जताई गई है।
अवर अभियंता कमलेश बिंद ने बताया कि आंधी व बारिश के कारण धुरकरी गांव में कई खंभे और बिजली के तार टूट कर गिर पड़े हैं, जिससे घोरावल के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग के कर्मचारी खंभों व तारों को दुरुस्त कर आपूर्ति शुरू करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। रविवार शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है।