पोकलेन मशीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर 8.61 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। कौशांबी के दो व्यक्तियों ने डाला से इसे खरीदा था। आरोप है कि इसे सही से न काम करने पर पूरा पैसा लौटा देने की बात तय हुई थी लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
अब चोपन पुलिस ने विक्रेता के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। कौशांबी जिले के रक्सौली-अंधावा निवासी मुकेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसने अपने साथी लवलेश कुमार के साथ मिलकर डाला बाजार निवासी शाहनवाज से गत छह दिसंबर काे पोकलेन मशीन खरीदी थी।
इसके लिए आरटीजीएस, फोनपे, नेफ्ट और नकद के रूप में कुल 17.11 लाख रुपये दिए गए थे। मोहम्मद मेराज, अमरजीत और दिलनवाज शाह (पिंटू) के सामने सारा लेन-देन हुआ था।
मशीन लेते समय तय हुआ था कि अगर मशीन सही से न चले तो वह मशीन वापस कर देंगे और उनसे ली गई रकम उन्हें लौटा दी जाएगी। मशीन लाने के बाद वह सही से नहीं चली। तब सात जनवरी को डाला बाजार लाकर मशीन वापस विक्रेता को सौंप दी गई।
इसके बाद आरटीजीएस सात जनवरी से बीच महज 8.50 लाख लौटाए गए। शेष 8.61 लाख रुपये देने में आनाकानी की जाने लगी। आरोप है कि अब धमकियां दी जा रही हैं। प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह के मुताबिक केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
बाइक खड़ा पर विवाद, सिर फोड़ा
चोपन थाना क्षेत्र के डाला में बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया। इससे खफा एक युवक ने दूसरे का सिर फोड़ दिया। दो दिन पुराने इस मामले में चोपन पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुट गई है। डाला चढ़ाई निवासी राजन कनौजिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसके यहां का रहने वाला अमरजीत नशे की हालत में बाइक लेकर आया और उसकी बाइक के आगे खड़ा कर दिया। एतराज जताने पर रॉड से वार कर सिर फोड़ दिया गया। छह टांके लगवाने पड़े। प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह के मुताबिक केस दर्ज कर जांच जारी है।