सोनभद्र। जिले के शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के 197 छठ घाटों पर पूजा को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। प्रत्येक पूजा घाट पर सादे पोशाक में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
राबर्ट्सगंज, घोरावल, करमा, चतरा, नगवां, चोपन, कोन, दुद्धी, बभनी और म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र के शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में छठ में पूजन-अर्चन के लिए करीब 197 घाटों पर वेदियां बनाई गई हैं। जबकि पिछले वर्ष 188 घाटों पर पूजन-अर्चन हुआ था। पुलिस अधीक्षक ने सभी थानों और चौकी इंचार्जों को सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। क्षेत्राधिकारियों को मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी है। सभी घाटों पर दो-दो पुलिस कर्मियों को सादे लिबास में तैनात किया गया है। बुधवार को सिटी सीओ राजकुमार त्रिपाठी, कोतवाल अंजनी कुमार राय राबर्ट्सगंज नगर समेत अन्य जगहों पर बने पूजा घाटों का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि छठ पूजा के लिए बने घाटों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए है। पूजन-अर्चन के दौरान सभी थाना प्रभारी, हल्का इंचार्ज, बीट के सिपाही अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे। सादे पोशाक में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।