सोनांचल में शुक्रवार की दोपहर से शुरू हुई बारिश शनिवार की शाम तक होती रही। इसके चलते शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में नालों में उफान आ गया। नगर क्षेत्र में सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को आवागमन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
साथ ही निचले इलाकों की बस्तियों में पानी घुसने से रहवासियों को काफी फजीहत हुई। शक्तिनगर क्षेत्र के परसवार राजा बस्ती स्थित कई घरों में पानी घुसने से अफरातफरी मची रही। रहवासियों ने एनसीएल और एनटीपीसी प्रबंधन को पत्रक सौंप कर बस्ती की तरफ हो रहे पानी के बहाव को रोकने की भी मांग की। उधर, अच्छी बारिश को देखते हुए किसानों की ओर से खेती-किसान से जुड़े काम में तेजी ला दी गई।
रात में हो रही बारिश का जनजीवन पर कोई खास फर्क नहीं पड़ा लेकिन शनिवार की सुबह से शाम चार बजे तक रूक-रूक कर जारी बारिश ने
आवागमन प्रभावित कर दिया। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग के साथ ही राबर्ट्सगंज की सड़कें और गलियां कीचड़ से सनी रही। पानी निकासी व्यवस्था ध्वस्त होने के कारण धर्मशाला चौक, नई बस्ती, मेन मार्केट रोड, उत्तर मुहाल, ब्रह्मनगर की गलियां में जमा पानी के चलते आवागमन करने वालों को फजीहत झेलनी पड़ी।
चोपन, ओबरा, घोरावल, शाहगंज, रामगढ़, मधुपुर, म्योरपुर, बभनी, दुद्धी आदि जगहों पर भी अनपरा परिक्षेत्र में हाइवे पर जलजमाव के साथ पटरियों पर बड़े-बड़े गड्ढे जानलेवा रूख अख्तियार करते रहे। फिसलन के चलते बाइक और साइकिल सवारों को पूरे दिन जगह-जगह गिरकर चोटिल होने का सिलसिला बना रहा।
अनपरा प्रधान कैलाश धुसिया, औड़ी प्रधान रीता देवी की ओर से नालियों की साफ-कराई पानी निकासी की कवायद जारी रहा। काशी मोड़ पर जमा पानी को निकालने को लेकर भी नालियों को साफ करने का सिलसिला जारी रहा लेकिन हाइवे पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के चलते लैंको शापिंग कांपलेक्स, गौरव कांपलेक्स, वन विभाग कार्यालय के सामने जलजमाव और फिसलन ने नारकीय बना दिया।
शक्तिनगर में बलियानाला, जोगिया नाला में उफान से अफरातफरी की स्थिति बनी रही। परसवार राजा गांव में तीस से अधिक घरों में घुसे पानी ने हड़कंप मचा दिया। वहीं कई ने दूसरे के घरों में शरण लेकर दिन गुजारा। इसी तरह जिले के सोन, रेणुका, बिजुल, कनहर नदी के साथ ही सिंगरौली के गोपद, सेमरा, महान, काजन, काचन, गर्रा नाला आदि में उफान तटवर्ती क्षेत्रों में हड़कंप मचाया जा रहा। इन पर स्थित कई पुलों के ऊपर से बहता पानी भी लोगों की नींद उड़ाए रहा।