रोडवेज की बसों में सफर कर रहे हैं तो आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार का किट भी अपने साथ ही रखिए। बसों में इसकी कोई व्यवस्था नहीं है। प्रचंड गर्मी और उमस में सफर के दौरान यात्री की तबीयत बिगड़ती है तो चालक-परिचालक और रोडवेज प्रबंधन उसे एक गोली भी मुहैया नहीं करा पाएंगे।
रोडवेज की बसों में फर्स्ट एड किट नदारद है। जिन बसों में यह किट है भी तो उसमें दवाएं ही नहीं हैं। ऐसे में अस्पताल पहुंचने तक मरीज को किसी भी तरह के मदद की उम्मीद नहीं है। सोनभद्र से शक्तिनगर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर सहित अन्य शहरों के लिए जाने वाली बसों में फर्स्ट एड बॉक्स लगाने का निर्देश है।
सफर के दौरान किसी यात्री की तबीयत बिगड़ती है या कोई अन्य आपात स्थिति आती है तो इस बॉक्स में रखी दवाओं, मरहम-पट्टी के माध्यम से उसे तत्काल मदद पहुंचाई जा सके। गर्मी को देखते हुए भी सरकार ने रोडवेज डिपो और बसों में जरूरी दवाएं, ओआरएस पावडर आदि को अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए हैं।
इस फरमान का जिम्मेदारों पर कोई असर नहीं है। बुधवार को सोनभद्र डिपाे में मौजूद वाराणसी, शक्तिनगर, प्रयागराज रूट की बसों की पड़ताल की गई तो अधिकांश में फर्स्ट एड किट नहीं था। दोपहर करीब 11 बजे आठ बसों में पड़ताल के दौरान 5 में फर्स्ट एड बॉक्स खाली मिला।
दो बस में बॉक्स टूटा हुआ था तो एक अनुबंधित बस में चालक तत्काल साबुन, पट्टी रखता नजर आया। यह हाल तब, जब पिछले साल गर्मी में सफर के दौरान चंदौली निवासी एक यात्री की बस में ही तबीयत बिगड़ गई थी।
हीट वेव के असर से गश खाकर गिरे मरीज को किसी प्रकार आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाना पड़ा था। इस घटना के बाद आनन-फानन बसों में जरूरी दवाएं रखवाई गई थीं। कुछ माह पहले प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान भी बसों में फर्स्ट एड की व्यवस्था कराई गई थी, लेकिन महाकुंभ बीतते ही दवाएं गायब हो चुकी हैं।
डिपो पर भी नहीं हुए गर्मी से बचाव के इंतजाम
रोडवेज की बसों के साथ ही डिपो परिसर में भी गर्मी से बचाव के लिए जरूरी दवाओं को उपलब्ध रखने के निर्देश करीब दस दिन पहले दिए गए थे। अब तक इसकी कोई व्यवस्था नहीं हुई है। डिपो प्रबंधन का कहना है कि ओआरएस पैकेट, बुखार व अन्य दवाओं की मांग स्वास्थ्य विभाग से की गई है। अब तक दवा उपलब्ध नहीं हो पाया है।
सभी बसों में फर्स्ट एड बॉक्स की व्यवस्था है। दवाएं भी रखवाई गई थी। जिन बसों में दवाएं खत्म हो गई होंगी, वहां जरूरी दवा उपलब्ध कराई जाएगी। डिपो परिसर में छाया, यात्रियों के बैठने के लिए बेंच, ठंडे पानी की सुविधा है।
-विश्राम, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक।