प्राचीन तालाब के पास लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर बृहस्पतिवार की रात धू-धू कर जल गया। इससे क़स्बे के वार्ड नं 9 और वार्ड नंबर 6 में बत्ती गुल हो गई है। वार्ड के लोगों को उमस भरी गर्मी में पूरी रात जागकर बिताना पड़ा।
कुछ दिनों पूर्व भी यहां लगा 400 केवीए का ट्रांसफॉर्मर जल गया था। नगर पंचायत की तरफ से वैकल्पिक तौर पर मोबाइल ट्रांसफॉर्मर लगा कर आपूर्ति शुरू कराई गई थी। अब यह ट्रांसफार्मर भी जल जाने से नगर में बिजली संकट बढ़ गया है। वार्ड नंबर नौ और छह के सैकड़ों घरों में लोग बिजली के अभाव में पानी को भी तरस रहे हैं। उमस भरी गर्मी से बिलबिलाए लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है। ट्रांसफार्मर जलने से दुद्धी सीनियर डिवीजन न्यायालय, पुलिस क्षेत्राधिकारी आवास, तहसीलदार आवास के अलावा सैकड़ों घरों की आपूर्ति बंद है। वार्ड के रहवासी संतोष कुमार, बाबू खान, महबूब खान, गणेश चौधरी, जगतारण, विजय कुमार आदि ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।