सोनभद्र जिले में कहीं 10 तो कहीं 7 सिगरेट पीने के बराबर प्रदूषण वाली हवा में 24 घंटे लोग रह रहे हैं। अनपरा के साथ ही डाला-ओबरा समेत कई निकायों में भी हवा की सेहत बिगड़ी है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
सोनभद्र जिले में वायु प्रदूषण का असर अब अनपरा तक सीमित नहीं है। डाला, चोपन, ओबरा, रॉबर्ट्सगंज, रेणुकूट, पिपरी, दुद्धी और घोरावल में भी हवा की गुणवत्ता चिंताजनक बनी हुई है। बृहस्पतिवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने अनपरा का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 241 दर्ज किया। वहीं, आईक्यू एयर और एक्यू वेदर के आंकड़ों में जिले के अन्य नगरीय क्षेत्रों का एक्यूआई भी 150 से अधिक रहा। जानकारों के मुताबिक जिले के लोगों ने 24 घंटे कहीं 10 तो कहीं सात सिगरेट पीने के बराबर प्रदूषित हवा में सांस ली। इसे देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों को एहतियात बरतने और बाहर निकलते समय मास्क लगाने की सलाह दी है।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को आईक्यू एयर और एक्यू वेदर वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज में एक्यूआई 165, चुर्क में 156, ओबरा में 162, चोपन में 163, दुद्धी में 159, घोरावल में 166, रेणुकूट में 159, पिपरी में 172 और डाला में 183 दर्ज किया गया। वहीं, सीपीसीबी के बुलेटिन में अनपरा का एक्यूआई 241 रहा।
अनपरा, ओबरा, रेणुकूट और डाला को छोड़ दें तो जिले के अन्य नगरीय क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियां अपेक्षाकृत कम हैं। दुद्धी और घोरावल जैसे ग्रामीण बाजार वाले क्षेत्रों में भी एक्यूआई 150 से अधिक दर्ज होना चिंता का विषय है। चिकित्सकों के मुताबिक, प्रदूषित हवा में सांस लेने से श्वसन संबंधी बीमारियों, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग से पीड़ित लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। ऐसे में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
विज्ञापन
Trending Videos
ऐसे मापी जाती है एक्यूआई और की जाती है सिगरेट से तुलना
हवा में मौजूद सूक्ष्म कणों को माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर के पैमाने पर मापा जाता है। लोक विज्ञान संस्थान, देहरादून के वरिष्ठ पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ. अनिल कुमार गौतम के मुताबिक 24 घंटे के भीतर हवा में अगर सूक्ष्म कणों की संख्या 22 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर है तो इस स्थिति में हवा में सांस लेना एक सिगरेट पीने के बराबर माना जाता है। जिले में नगरीय क्षेत्रों के जो आंकड़े सामने आए हैं। उनके मुताबिक अनपरा नगर क्षेत्र में जहां लोग 10 सिगरेट पीने के बराबर प्रदूषण वाली स्थिति में हवा में सांस लेते रहे, वहीं शेष नगर निकायों में यह स्थिति सात सिगरेट पीने के बराबर बनी रही।
सावधानी नहीं बरती तो बढ़ सकती है परेशानी
विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से आंखों, नाक और गले में जलन तथा सांस लेने में परेशानी हो सकती है। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और दमा, श्वसन या हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से सिरदर्द और थकान जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। इससे बचने के लिए अनावश्यक रूप से बाहर रहने, खुले में टहलने और कसरत करने से बचना चाहिए। बाहर निकलते समय एन-95 मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए।
सांस और हृदय रोगी विशेष सावधानी बरतें...
मौजूदा स्थिति में सांस और हृदय रोगियों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बाहर व्यायाम करने से बचें और जितना जरूरी हो, उतना ही बाहर रहें। भीड़भाड़ और धूल वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करें। लापरवाही बरतने पर समय से पूर्व प्रसव, हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी स्थितियां बन सकती हैं। - डॉ. नागेंद्र, विभागाध्यक्ष, श्वांस रोग विभाग, मेडिकल कॉलेज
सांस और हृदय रोगी विशेष सावधानी बरतें। बाहर निकलते समय मास्क लगाएं। सुबह-शाम टहलने के बजाय घर में ही व्यायाम करें। जहां तक संभव हो, सुबह के समय खिड़की-दरवाजे बंद रखें। औद्योगिक क्षेत्रों में रहने वाले लोग विशेष ध्यान दें और दवाओं का नियमित सेवन करते रहें। बार-बार छींक आने, सांस लेने में परेशानी, नाक से पानी आने, सीने में दर्द या सांस लेते समय सीटी जैसी आवाज आने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। -डॉ. राहुल सिंह, विभागाध्यक्ष मेडिसिन एवं नोडल स्टेमी, मेडिकल कॉलेज
प्रदूषित हवा का प्रभाव सिगरेट के धुएं से भी गंभीर हो सकता है, क्योंकि व्यक्ति लगातार सांस के जरिये प्रदूषित कणों के संपर्क में रहता है। लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने वालों को कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने के साथ ही प्रशासन को भी प्रदूषण नियंत्रण के लिए विशेष पहल करनी चाहिए। -डॉ. अनिल कुमार गौतम, वरिष्ठ पर्यावरण वैज्ञानिक, लोक विज्ञान संस्थान, देहरादून
प्रदूषण नियंत्रण के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। परियोजना क्षेत्रों में स्थिति में काफी सुधार हुआ है। इसमें और सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं। नगरीय क्षेत्रों में भी संबंधित निकायों और पीडब्ल्यूडी को पत्र भेजा गया है। नगरीय विकास मंत्रालय की ओर से भी नगर निकायों को पत्र भेजा गया है। -आरके सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी, यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड