Sonbhadra News: सोनभद्र जिले में नवजात को बस में छोड़कर भाग रही एक महिला को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। महिला संदिग्ध हरकतें कर रही थी, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा।
सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा बस स्टैंड पर सोमवार को एक महिला करीब डेढ़ से दो माह के शिशु (बच्चे) को बस में छोड़कर भागने का प्रयास कर रह थी। स्थानीय लोगों ने पीछा कर महिला को पकड़ लिया और डायल 112 पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान मौके पर हड़कंप मच गया।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
पुलिस महिला और शिशु के संबंध तथा पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11.30 बजे कोन जाने वाली एक निजी बस तेलगुड़वा बस स्टैंड पर यात्रियों के इंतजार में खड़ी थी। इसी दौरान एक महिला झोले में शिशु को लेकर बस में चढ़ी और चालक के पीछे वाली सीट पर बच्चे को लिटाकर नीचे उतर गई। बस में बैठे यात्रियों ने पहले समझा कि महिला किसी जरूरी सामान की खरीदारी के लिए गई है, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। इसी बीच शिशु के रोने पर यात्रियों ने उसकी तलाश शुरू की।
काफी खोजबीन के बाद महिला बस स्टैंड से लगभग एक किलोमीटर दूर कोटा मार्ग की ओर पैदल जाती मिली। स्थानीय लोग उसे पकड़कर वापस बस स्टैंड लाए, लेकिन पूछताछ के दौरान उसने बच्चे के बारे में कोई जानकारी नहीं दी और भागने का प्रयास करने लगी।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि महिला कभी बच्चे को छीनने का प्रयास कर रही थी तो कभी उसकी गर्दन और अंडकोष दबाने की कोशिश कर रही थी। महिला के व्यवहार को संदिग्ध देखते हुए लोगों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय महिलाओं की मदद से महिला को हिरासत में लेकर चोपन थाने भेज दिया।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला कौन है, शिशु से उसका क्या संबंध है और वह बच्चे को बस में छोड़कर क्यों भाग रही थी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।