जिला मुख्यालय पर रात्रि में हो रही बेतहाशा बिजली कटौती के खिलाफ लोगों का गुस्सा अब सड़क पर आने लगा है। रविवार को युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कटौती के खिलाफ राबर्ट्सगंज के धर्मशाला चौराहे पर बिजली विभाग का पुतला फूंका और विरोध में नारेबाजी की।
सभा कर यूपी सरकार पर जिले के लोगों को झांसा देने का आरोप लगाया गया। युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता रविवार को संगठन के राबर्ट्सगंज लोकसभा अध्यक्ष आशुतोष कुमार दूबे आशु और पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल स्वरूप
पाठक के नेतृत्व में धर्मशाला चौराहे पर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और फिर विभाग का प्रतीकात्मक पुतला फूंका।
यहां हुई सभा में आशुतोष ने कहा कि रात में कभी दस बजे से तो कभी 11 बजे से तीन घंटे बिजली कट रही है। जब लोगों के सोने का समय होता है तो बिजली कटौती हो जाती है। इससे लोगों की नींद खराब हो रही है।
कहा कि अनपरा के दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने जिले के लोगों को दो घंटा अधिक बिजली देने की घोषणा की थी लेकिन उनके जाने के बाद दो घंटा अधिक बिजली कटने लगी है।
उन्होंने रात्रिकालीन बिजली कटौती तत्काल प्रभाव से बंद कराने की मांग की और चेताया कि मांग पूरी नहीं हुई तो कार्यकर्ता बडे़ पैमाने पर आंदोलन करेंगे। गोपाल स्वरूप ने कहा कि यूपी सरकार ऊर्जा नगरी के लोग चिराग तले अंधेरा वाली कहावत से जूझ रहे हैं।
उन्होंने बिजली कटौती का शिड्यूल बदलने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में सूरज वर्मा, विशाल सिंह, रजत, विक्की खां, दिलीप केशरी, रामविलास, नीरज सोनी, शुभम विश्वकर्मा, विजय, रिंकू आदि रहे।