नगर के शिवाला मंदिर में कराए जा रहे जीर्णोद्धार कार्य में लगे ट्रैक्टर व जेसीबी को सीज किए जाने से रहवासियों में असंतोष है। पुलिस ने दोनों वाहनों को अवैध बालू खनन व परिवहन के आरोप में पकड़ा है। लोगों ने इसे पुलिस की मनगढंत कहानी बताते हुए कार्रवाई की निंदा की है।
मंदिर निर्माण समिति से जुड़े श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व बार अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि निर्माणाधीन शिव मंदिर में मिट्टी भराई के लिए जाबर गांव स्थित निजी भूमि से ट्रैक्टर पर लाल मिट्टी मंगाया जा रहा था, जो कनहर नदी से काफी दूर है। पुलिस की ओर से जारी मिट्टी खनन स्थल के फोटोग्राफ से भी सारी सच्चाई सामने दिख रही है। इसमें कनहर नदी दूर दूर तक नजर नहीं आ रही। बावजूद पुलिस ने मनगढंत तरीके से मिट्टी के बजाय कनहर नदी से जेसीबी के जरिए ट्रैक्टर पर बालू लोडिंग का आरोप लगाते हुए निर्दोष लोगों पर संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें अपराधी बनाया है। उन्होंने कहा कि गलत कार्यशैली को कत्तई बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। ऐसे लोगों की शिकायत मुख्यमंत्री तक की जाएगी। उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।