दुद्धी में सील के बाद भी खुले मिले अस्पताल को सील करती स्वास्थ्य महकमे की टीम। - स्रोत जागरूक प
सोनभद्र। दुद्धी तहसील मुख्यालय पर एक अस्पताल को छह दिन पहले सील किए जाने के बाद भी दोबारा संचालन पाए जाने पर तीन ताला जड़ते हुए उसे फिर से सील कर दिया गया है। मामले की रिपोर्ट सीएमओ को देने के साथ ही अब अस्पताल संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई के लिए एसपी को भी पत्र भेजकर निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।
एसीएमओ/पंजीयन नोडल डाॅ. जीएस यादव की अगुवाई वाली टीम सोमवार को दुद्धी क्षेत्र में निरीक्षण के लिए गई थी। 14 अप्रैल को जिस समृद्धि अस्पताल को अवैध संचालन मिलने पर सील किया गया था। वहां टीम को सील ताला टूटा मिला। साथ ही तीन मरीज भी भर्ती मिले। एक के पैर में फ्रैक्चर था। दो को शारीरिक दिक्कत थी। तीनों मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शिफ्ट कराते हुए अस्पताल को दोबारा सील किया गया। साथ ही संचालक को नोटिस भी जारी किया गया। डॉ. जीएस यादव ने बताया कि अवैध संचालन और अस्पताल का सील तोड़कर उसे दोबारा अवैध तरीके से संचालित किए जाने के मामले में दुद्धी कोतवाली में तहरीर देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। सीएमओ डॉ. पंकज कुमार राय ने बताया कि उन्होंने एसपी को पत्र भेजकर अनुरोध किया गया है कि ऐसे अस्पतालों के खिलाफ दी जाने तहरीर पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया जाए ताकि अवैध व नियमों का उल्लंघन कर अस्पताल चलाने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।