सोनभद्र। उत्तर प्रदेश विधान मंडल की महिला एवं बाल विकास समिति ने मंगलवार ने जिला संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण किया। समिति महिला वन स्टाॅप सेंटर, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय प्रथम लोढ़ी, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन लोढ़ी भी पहुंची। अस्पताल में निरीक्षण के दौरान कई मरीजों ने बाहर की दवा लिखने की शिकायत की। अल्ट्रासाउंड और एक्सरे के लिए भी कई दिनों तक इंतजार की समस्या बताई।
समिति की सभापति नीलिमा कटियार, समिति सदस्य डाॅ. मनोज कुमार प्रजापति, सलोना कुशवाहा ने जिला संयुक्त चिकित्सालय के एनआरसी सेंटर, लेबर रूम, एसएनसीयू और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। मरीजों को वितरित की जाने वाली दवाइयाें के बारे में जानकारी ली।
सीएमओ को निर्देशित किया कि डॉक्टर अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही लिखें, जिससे किसी को बाहर की दवा न लेनी पड़े। अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था सुचारू ढंग से बनाने के लिए भी कहा। वन स्टाॅप सेंटर में शिशु कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया। कर्मचारियों को महिला उत्पीड़न संबंधी मामले का तत्परता के साथ निस्तारण कराने को निर्देश दिए।
डायट परिसर में स्थापित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की कक्षाओं में जाकर छात्राओं से भोजन, नास्ता, बेड आदि के संबंध में पूछा। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि भविष्य में किसको क्या बनाना है। कुछ छात्राओं ने अध्यापक बनने पर सहमति जताई। प्राथमिक विद्यालय प्रथम-लोढ़ी बच्चों के बौद्धिक स्तर का परीक्षण किया।
विद्यालय की दीवारों पर लगे महापुरुषों के संक्षिप्त जीवनी के बारे में जानकारी भी दी। परिसर में स्थापित आंगनबाड़ी केंद्र लोढ़ी में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई व अन्नप्रासन की रस्म अदा कराई। समिति ने एनआरएलएम समूह की महिलाओं से भी भेंट कर उनके बनाए उत्पादों की जानकारी ली। इस दौरान सीडीओ सौरभ गंगवार, एडीएम (न्यायिक) सुभाष चंद्र यादव, एसडीएम सदर प्रमोद तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, संयुक्त सचिव अजीत कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योजना बनाकर करें काम
सोनभद्र। निरीक्षण के बाद समिति सदस्यों ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। समिति की सभापति नीलिमा कटियार, सदस्य डाॅ. मनोज कुमार प्रजापति, सलोना कुशवाहा ने डीएम बीएन सिंह, सीडीओ सौरभ गंगवार और एएसपी टीएन त्रिपाठी की मौजूदगी में जिले में केंद्र व प्रदेश सरकार से संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी ली। निर्देशित किया कि सोनभद्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसे बढ़ावा देने के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाते हुए कार्रवाई की जाय, जिससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो और लोगों को रोजगार के साधन मिलें। बैठक में सीएमओ डाॅ. अश्वनी कुमार, डीडीओ शेषनाथ चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।