जिला मुख्यालय स्थित सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर अब तक कोच इंडीकेटर एवं डिस्प्ले बोर्ड नहीं लग सका है। इस कारण यहां यात्रियों को ट्रेन आने पर काफी परेशानी होती है। ट्रेन रुकने पर यहां भागदौड़ वाली स्थिति हो जाती है। डीआरएम ने जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
कोच इंडीकेटर नहीं लगने से खासकर राजधानी एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेन के यात्रियों को दिक्कत होती है। सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर नई दिल्ली से रांची के बीच चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस के साथ ही कई अन्य यात्री ट्रेन एवं एक्सप्रेस का ठहराव होता है।
इसमें स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस, मूरी एक्सप्रेस, चोपन-प्रयागराज समेत अन्य ट्रेने शामिल हैं। सोनभद्र रेलवे स्टेशन का विस्तारीकरण के साथ ही प्लेटफार्म पर कोच इंडीकेटर एवं डिस्प्ले बोर्ड का काम कराया जाना था।
कोच इंडीकेटर लगाने के लिए प्लेटफार्म पर जगह-जगह खंभे भी लगा दिए गए हैं। मगर आठ माह बाद भी कोच इंडीकेटर और बोर्ड डिस्प्ले का काम अधूरा है। इससे ट्रेनों के ठहराव के दौरान यात्रियों को कोच के बारे में सही जानकारी नहीं हो पाती है।
बुधवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने आए डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को कोच इंडीकेटर एवं डिस्प्ले बोर्ड का काम जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया है।