जनपद में शनिवार को शिक्षक दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति की।
वक्ताओं ने कहा कि धरा पर शिक्षकों स्थान सर्वोपरि है। इस दौरान बच्चों ने शिक्षकों को विभिन्न तरह के उपहार भेंट कर उनसे आशीर्वाद लिया।
जिला मुख्यालय पर स्थित गुरुनानक बालिका इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज समेत अन्य विद्यालयों में शिक्षक दिवस पर विभिन्न तरह के आयोजन किए गए।
गुरुनानक बालिका इंटर कालेज में प्रधानाचार्य सुभाग सिंह ने सर्वपल्ली राधा कृष्णन और भगवान श्रीकृष्ण के प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
रेणुकूट संवाददाता के मुताबिक आदित्य बिड़ला इण्टरमीडिएट कालेज रेणुकूट के प्रांगण में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रवीन्द्र सिंह चौहान ने महान शिक्षाविद डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
तत्पश्चात समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओ ने डा. राधाकृष्णन को पुष्पांजलि अर्पित की। शिक्षक धनंजय दूबे ने डा. राधाकृष्णन के जीवन पर विस्तृत प्रकाश डाला।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गुरु के सम्मान का प्रतिपादन करते हुए सुंदर गीत प्रस्तुत किए। संचालन धनंजय दूबे ने किया। इस मौके श्याम नारायण पाण्डेय, केबी राय, प्रिय रंजन सिंह, एसएन दूबे, सत्येंद्र सिंह, संतोष तिवारी, वीबी यादव, राजीव कुमार तिवारी, एके. कटियार, जीडी शुक्ला, उमाशंकर पांडेय, विपिन पांडेय, प्रवीण तिवारी आदि उपस्थित रहे।
उधर हिण्डाल्को जनसेवा ट्रस्ट के सौजन्य से हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग द्वारा दुद्धी विकास खण्ड के गुलालझरिया व दिघुल, म्योरपुर विकास खंड के सुपाचुआं तथा बभनी विकास खण्ड के घघरी में चलाए जा रहे चार आदित्य बाल विद्या मंदिरों में शिक्षक दिवस पर बच्चों द्वारा शिक्षकों के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख अभिजीत ने चारों विद्यालयों के कार्यक्रमों में स्वयं उपस्थित होकर शिक्षक दिवस की महत्ता बताते हुए महान शिक्षाविद तथा भारतवर्ष के प्रथम उपराष्ट्रपति व द्वितीय राष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डाला। इस मौके पर हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग के सहायक प्रबंधक अनुनय कुमार आदि मौजूद रहे।