विद्युत कटौती से त्रस्त कस्बे के लोगों ने शुक्रवार को व्यापार मंडल एवं भाजपा के संयुक्त बैनर तले शाहगंज विद्युत सबस्टेशन का घेराव कर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
करीब तीन घंटे तक सबस्टेशन पर लोग डटे रहे। मौके पर पहुंचे तहसीलदार घोरावल दिनेश मिश्रा को व्यापारियों ने तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। उनके आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
संकट मोचन त्रिमुहानी से जुलूस की शक्ल में व्यापारी एवं कस्बे के लोग सबस्टेशन पहुंचे और सबस्टेशन को घेर लिया। इस दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी की।
इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजकुमार केशरी ने कहा कि आए दिन बिजली कटौती से व्यापारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग का आलम यह है कि रात एक बजे बिजली की सप्लाई की जा रही है। इससे व्यापारियों के व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है।
भाजपा नेता माला चौबे ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर विद्युत विभाग सायं सात बजे से सुबह नौ बजे तक रोस्टर लागू नहीं करता तो कस्बे के लोग उग्र आंदोलन कर चक्काजाम करने के लिए बाध्य होंगे।
कहा कि बारह हजार की आबादी वाला यह कस्बा बिजली कटौती से आजीज आ चुका है। मौके पर पहुंचे तहसीलदार घोरावल दिनेश मिश्रा ने कहा कि उनकी तीन सूत्री मांगो पर विचार किया जाएगा।
कहा कि और विद्युत व्यवस्था शनिवार से सुचारु रूप से चलने लगेगी। इस अवसर पर सुरेश सिंह पटेल, सुनील श्रीवास्तव, रामनारायण पटेल, चंद्रशेखर सिंह पटेल, फेकू अंसारी, इर्शान खान, अशोक कुमार दूबे, ब्रिजेश श्रीवास्तव, राजा सोनी, विजय सेठ, बबलू श्रीवास्तव मौजूद रहे।