सोनभद्र जिले के बभनी ब्लॉक के सीमावर्ती गांवों में छह दिनों से हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों की टीम का नींद हराम हो गई है। दिन होते ही हाथी जंगलों में चले जाते हैं और रात में गांव में घुसकर फसल, घर, मकान को नुकसान पहुंचा रहे हैं। मंगलवार रात हाथियों के झुंड ने डूमरहर और मगरमाड़ गांव में तीन घर ढहा दिए। फसलों को नष्ट कर दिया। सेमरिया गांव में दो भाइयों को घायल कर दिया।
हाथियों ने डूमरहर में उदरशाह, बाल गोविंद तथा जगनरायन का घर गिरा दिया। रामजग, उदर, बालगोविंद, राजो, जगनरायन, उदरशाय, मानशाह, दिलबरन, गोपाल, राम अधीन, प्रजापति, प्रसिद्धन की फसल नष्ट कर दी। सेमरिया गांव में रात 12 बजे रात मचान पर सो रहे दो भाइयों को घायल कर दिया। पुलिस ने घायल शोभा यादव, चंद्रिका यादव को बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से ढोल बजाकर हाथियों को जंगलों में भगाया। वन क्षेत्राधिकारी अवध नरायन मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों को आग, पटाखा और मिर्च की गंध करने के लिए कहा गया है। हाथियों की संख्या 18-20 होने के कारण खदेड़ने में दिक्कत हो रही है। मंगलवार रात प्रभारी निरीक्षक अविनाश चन्द्र सिन्हा ने पुलिस फोर्स के साथ डूमरहर, मगरमाड़, रंपाकुरर, बिछियारी गांव का भ्रमण किया।