सोनभद्र। जिले में 29 अप्रैल को होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतदान सुरक्षा के तगड़े प्रबंध किए जाएंगे। अति संवेदनशील और अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों पर पीएसी तैनात रहेगी। साथ ही सीमा सुरक्षा बल के जवान भ्रमण करते रहेंगे।
जिले के 10 विकास खंडों की 629 ग्राम पंचायतों में 841 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 2171 बूथों पर मतदान किया जाएगा। प्रशासन ने 187 संवेदनशील, 143 अति संवेदनशील और 78 अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों को चिह्नित किया है। जिला प्रशासन मतदान की तैयारियां पूरी कराने में जुटा हुआ है। पुलिस विभाग के अनुसार चुनाव कराने के लिए मिर्जापुर, चंदौली, बलिया समेत अन्य जनपदों से करीब सात हजार सिपाही, हेड कांस्टेबल दारोगा, इंस्पेक्टर आएंगे। इनके अलावा 4300 होमगार्ड, पांच कंपनी पीएसी और एक कंपनी एसएसबी के जवानों की तैनाती की जाएगी। जिले में पहले से पांच कंपनी पीएसी तैनात है। अति संवेदनशील और अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों पर पुलिस के अलावा पीएसी तैनात रहेगी। सोमवार को पुलिस लाइन चुर्क में पुलिस की ड्यूटी चार्ट तैयार करने का काम चल रहा था ।