पीएसी कांस्टेबल संदीप सिंह की फाइल फोटो
- फोटो : पीएसी
दुद्धी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अमवार स्थित पीएसी कैंप में शुक्रवार को सुबह संतरी ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल संदीप सिंह (26) ने खुद को गोली मार ली।
सर्विस राइफल को गर्दन से सटाकर चलाई गई गोली सिर के पार निकल गई। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, पुलिस इसकी जांच कर रही है। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद उसका शव घर ले जाया गया।
बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के आलमपुर पोस्ट निवासी सिपाही संदीप सिंह (26) पीएसी की 39वीं बटालियन मिर्जापुर में तैनात थे। वर्ष 2021 में वह पीएसी में भर्ती हुए थे।
वाराणसी में वीवीआईपी ड्यूटी के बाद तीन दिन पहले संदीप को अमवार पीएसी कैंप भेजा गया था। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार की रात दो से चार बजे तक उनकी संतरी ड्यूटी थी।
इसी दौरान तड़के 3:55 बजे संदीप ने अपनी सर्विस रायफल (एसएलआर) को अपनी गर्दन पर सटाकर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनते ही कैंप में मौजूद जवान मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ संदीप को आनन-फानन दुद्धी सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ राजेश कुमार राय, पीएसी नक्सल इंचार्ज देव नारायण यादव और डिप्टी कमांडेंट विजय आनंद मौके पर पहुंचे। एएसपी ऑपरेशन टीएन त्रिपाठी और 39वीं वाहिनी पीएसी के सहायक कमांडेंट हीरालाल ने भी पहुंच गए। परिजनों को घटना की सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया गया।