सोनभद्र। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने जनगणना 2021 के प्रथम चरण की तैयारी बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में ली। इसमें उन्होंने कहा कि जनगणना काफी महत्वपूर्ण काम है। जनगणना में सभी तथ्यों को शमिल किये जाने की व्यवस्था होती है, जिसके तहत गांव, ब्लाक, जिला, प्रदेश व देश की कार्ययोजनाएं निर्भर होती है। योजनाओं, नीतियों का मूल आधार जनगणना होता है। इसलिए भारत की जनगणना-2021 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण, मकानों की गणना और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर को अद्यतन करने जैसे कार्यों को पहली बार मोबाइल ऐप के माध्यम से फील्डट्रेनरों से पूरी तत्परता के साथ किये जाने के लिए बेहतरीन कार्य करने वाले फील्ड ट्रेनर, प्रगणक व सुपरवाईजरों को प्रशिक्षित कराते हुए त्रुटि रहित जनगणना-2021 को कराना जिला प्रशासन का दायित्व है। डीएम ने
कहा कि फील्ड ट्रेनर ही प्रगणक और सुपरवाइजरोें को ट्रेंड करेंगे। जिले में 64 फील्ड ट्रेनर्स को यह जिम्मेदारी दी जा रही है। फील्ड ट्रेनर के रूप में इण्टर कालेजोें व डायट के प्राचार्योें, बीईओ, सहायक सांख्यिकीय अधिकारियों की तैनाती की गयी है। फील्ड ट्रेनरों को उसी तहसील, नगर क्षेत्रोें में तैनात किया जायेगा, जिन क्षेत्रों में उनकी मूल तैनाती है। फील्ड ट्रेनरों को हिन्दी भाषा के साथ ही मोबाइल ऐप सिस्टम की जानकारी होना भी जरूरी है। जनगणना संबंधी क्रियाकलापों को जनगणना के वेब पोर्टल के जरिए किया जायेगा। 64 फील्ड ट्रेनर्स को दो बैंचों में प्रशिक्षित किया जायेगा। जिले के सभी उप जिलाधिकारी को उप जिला जनगणना अधिकारी बनाये गये हैं। डीएम कहा कि जनगणना-2021 में उन्हीं अधिकारियों की ड्यूटी लगायी जायेगी, जो कार्य के प्रति समर्पित हों। बैठक में एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह, सभी एसडीएम, जिला स्तरीय अधिकारी समेत अन्य मौजूद रहे।