सोनभद्र। शुक्रवार को जिले में 1.6एमएम बारिश हुई। बारिश होने से जहां किसान खुश दिखे वहीं गलन बढने से लोग बेहाल रहे। दिन में सर्द हवा चलने से लोग ठिठुरते रहे। सुबह नौ बजे तक आसमान में बादल छाए रहा। कोहरा होने से वाहनें हेडलाइट जलाकर राजमार्ग पर चलते नजर आए। चुर्क स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के प्रेक्षक राजन के मुताबिक शुक्रवार को सुबह आठ बजे न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जिले में 1.6 एमएम बारिश हुई। बृहस्पतिवार के मुकाबले शुक्रवार को गलन अधिक रहा। बारिश होने से शाम ढलते ही गलन बढ़ गया। अंधेरा होने से पहले लोग ठंड से बचने के लिए अलाव जलाते नजर आए। देर शाम हालत यह रहा कि जो भी घर से बाहर निकला खुद को सिर से पांव तक गर्म कपड़ों से ढंके रहा। हाइवे पर चलने वाले बाइक सवारों की कंपकंपी छूूटती रही। वहीं दूसरी ओर नगर पालिका प्रशासन की ओर से कंपकंपाती ठंड से बचने के लिए नगर में कुल 70 स्थानों पर अलाव जलवाया जा रहा है। अस्थायी गो आश्रय स्थल में पशुओं को ठंड से बचाने के लिए अलाव के साथ-साथ ब्लोवर लगवाया गया है।