एससी-एसटी के आरक्षण में क्रीमीलेयर लागू करने के फैसले के विरोध में बुधवार को विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन किया। बसपा, आजाद समाज पार्टी, सपा, गोंगपा सहित अन्य संगठनों ने अलग-अलग जुलूस निकाला। नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।
राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम और एएसपी को सौंपते हुए संविधान के तहत मिली व्यवस्था को न बदले जाने की मांग की। हालांकि इस दौरान भारत बंद का कोई असर नहीं दिखा। दुकानें सामान्य दिनों की तरह ही खुली रहीं।
बसपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष बी. सागर के नेतृत्व में राॅबर्ट्सगंज के रामलीला मैदान से जुलूस निकाला। नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जुलूस कलेक्ट्रेट पहुंचा। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्रीमीलेयर लागू करने और उप वर्गीकरण से एससी-एसटी वर्ग को भारी नुकसान होगा।
नए फैसले से संविधान पर खतरा उत्पन्न होगा। विरोध प्रदर्शन में डॉ. ओपी मौर्य, सेक्टर इंचार्ज पन्नालाल, कमलेश गोंड, अविनाश शुक्ला, डाॅ. राम अवतार, नीरज श्रीवास्तव, अमन मौर्य, प्रीतम गिरी, मनोज कुशवाहा, बलवंत रंगीला, अनीश भारती आदि शामिल रहे।
आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने हाइडिल मैदान से महिला थाना, मेन चौक, बढ़ौली चौक से होते हुए जुलूस लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। सैकड़ों की तादाद में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए एससी-एसटी के आरक्षण में वर्गीकरण को लेकर आक्रोश जताया।
जुलूस का नेतृत्व जिला संयोजक भीम आर्मी के जिला संयोजक विवेक वर्मा, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राहुल, जिला प्रभारी संदीप बौद्ध, संजय कुमार, चंद्रशेखर आजाद, अरुण कुमार विनोद, जोनी राव, कमलेश कुमार आदि शामिल रहे।
सपा के जिला कार्यालय से पार्टी नेता जुलूस लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि दबे-कुचले वर्ग को समाज में सम्मानजनक स्थान देने के लिए आरक्षण की व्यवस्था लागू की गई थी। इसमें बदलाव से वंचित वर्ग का बड़ा नुकसान होगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व विधायक परमेश्वर दयाल, रमेश बागी, जेपी भारती, राजकुमार संघर्षी, बबलू धांगर आदि शामिल रहे। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोगपा) के कार्यकर्ताओं ने भी कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन एडीएम को सौंपा।
इसमें नगेंद्र सिंह श्याम, रीनू भारती, रामेश्वर उरेती, श्रीराम टेकाम, विजय आयाम, संतोष कुमार, जब्बर उरेती, महादेव मरकाम, अशोक कोल आदि शामिल रहे।
आदिवासी आजादी मोर्चा तेनुडाही के कार्यकर्ताओं ने भी मोर्चा के अध्यक्ष रामजतन खरवार के नेतृत्व में भारत बंद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय एससी-एसटी कर्मचारी कल्याण संघ ने पुसौली स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा स्थल से जुलूस लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।
इसके बाद पुसौली में बैठक की। जुलूस में संरक्षक डॉ. के.कुमार, आरपी टंडन, अरविंद कुमार, श्याम सुंदर, कपिध्वज, सरोज कुमारी, राजनाथ आदि शामिल रहे।
भारत बंद के समर्थन में निकाला जुलूस
एससी-एसटी के आरक्षण में बंटवारे को लेकर बसपा, आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भारत बंद का समर्थन किया। नगर में जुलूस निकालकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। राम विचार गौतम, राजेश धुसिया, रमेश सिंह कुशवाहा, राजू कुमार के नेतृत्व में टीसीडी ग्राउंड से निकला जुलूस पूरे नगर में भ्रमण किया। तहसील के मुख्य द्वार पर तहसीलदार ज्ञानेंद्र यादव को ज्ञापन सौंपा। सैकड़ों की संख्या में विंढमगंज से कार्यकर्ता बाइक से आकर जुलूस में शामिल हुए। जुलूस में फौजदार परस्ते, सुरेंद्र पोया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सुरक्षा के मद्देनजर सीओ प्रदीप सिंह चंदेल, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, कस्बा चौकी इंचार्ज महेंद्र प्रताप सिंह आदि शामिल रहे।
ग्राम पंचायत बभनी सड़क टोला से भारत बंद के समर्थन में बाइक रैली निकाल गई।भीम आर्मी, बहुजन समाज पार्टी, गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में निकली रैली बभनी के सड़क टोला से शुरू होकर बभनी बाजार, बभनी मोड़ डूभा, किरबिल, देवरी म्योरपुर, आश्रम मोड़, होते हुए दुद्धी पहुंची। सेक्टर अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद, ब्लाॅक अध्यक्ष नीरज सिंह मरकाम, डाॅ. देवेंद्र भारती, रामनरायन, देवीदयाल, नंदलाल, वीरेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।