एनसीएल मुख्यालय में अब तक महाप्रबंधक उत्खनन और हेड ऑफ डिपार्टमेंट (एचओडी) के रूप में तैनात रहे भारतेंदु कुमार का तबादला कर दिया गया है।
उन्हें पश्चिम बंगाल स्थित कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) भेजा गया है। कोल इंडिया प्रबंधन के आदेश पर एनसीएल से मंगलवार इनको रिलीज भी कर दिया गया।
औचक तबादले के इस आदेश को तीन दिन पहले एनसीएल में हुई सीबीआई की कार्रवाई व प्रचलित जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। सीबीआई की हालिया कार्रवाई व जांच के केंद्र में कोयला कंपनी का उत्खनन विभाग व इससे जुड़े जिम्मेदार हैं।
भारतेंदु कुमार के स्थानांतरण का आदेश यहां एनसीएल के उप महाप्रबंधक (कार्मिक) विक्टर कुजूर ने मंगलवार को जारी किया। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि भारतेंदु कुमार को ईसीएल में गैर-संवेदनशील पद पर नियुक्त किया जाएगा।
विभागाध्यक्ष भारतेंदु के लिए तत्काल एनसीएल छोड़ने के आदेश से एनसीएल में विदेशी मशीनों के लिए ओरिजनल इक्यूपमेंट मैन्युफैक्चरिंग (ओईएम) व्यवस्था से जुड़े मुख्यालय व परियोजना स्तरीय अधिकारियों की धड़कनें तेज हो गई हैं।