सोनभद्र। राबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौक के पास ओवरब्रिज के नीचे सर्विस लेन का कार्य पूर्ण कराने में कुछ और दिन लगेंगे। शनिवार को प्रशासनिक अमला इसके जद में आने वाले कुछ मकानों को तोड़ने पहुंचा तो मकान मालिकों ने कुछ वक्ता मांगा। उनका कहना था कि उन लोगों को हटाए जाने के संबंधित कोई जानकारी उन्हें नहीं दी गई है। ऐसे में एसडीएम यमुनाधर चौहान ने 48 घंटे के भीतर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया है।
राजस्व कर्मियों के साथ एसडीएम, तहसीलदार जेसीबी लेकर सुबह दस बजे बढ़ौली चौक पर पहुंचे। एसडीएम ने एसीपी टोलवेज कर्मी को मौके पर बुलाकर ओवरब्रिज के नीचे सर्विस लेन सड़क बनाने में बाधक बन रहे मकानों के बारे में बातचीत की। इसके बाद एसडीएम ने अतिक्रमणकारियों के पास जाकर मकानों को खाली करने की बात कही। मकान में रह रहे लोगों ने कहा कि अचानक वे लोग कहां जाएंगे। कुछ दिनों की मोहलत दी जाए। तहसीलदार विकास पांडेय ने कहा कि बढ़ौली चौक के पास चार-पांच लोग अपने-अपने मकानों का मुआवजा पाने के बाद भी हट नहीं रहे हैं।