करोड़ों की जमीन खरीद में विधायक की पत्नी और बेटों पर मुकदमे का आदेश
- शाहगंज थाना क्षेत्र के खजुरी गांव में जमीन क्रय करने के मामले ने पकड़ा तूल
- भूस्वामी की मृत्यु के बाद उसकी जमीन को फर्जी तरीके से बेचने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनभद्र। शाहगंज थाना क्षेत्र के खजुरी गांव में करोड़ों की जमीन की खरीद-फरोख्त के मामले में चकिया से भाजपा विधायक की पत्नी, दो पुत्रों सहित कई अन्य के विरुद्ध कोर्ट ने मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। आरोप है कि भूस्वामी की मृत्यु के बाद कूटरचित दस्तावेजों की मदद से दूसरे की जमीन बेच दी गई।
जौनपुर जिले के किशुनपुर जगदीश पट्टी निवासी ऋषि रंजन सिंह ने 156 (3) के तहत कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर विधायक के परिवार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि घोरावल तहसील के खजुरी गांव में शिवमूरत सिंह के नाम से जमीन जायदाद रही है। शिवमूरत सिंह की 13 नवंबर 2013 को मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद राजस्व अभिलेखों में वरासत के आधार पर शिवमूरत का नाम अंकित किए जाने का मामला विचाराधीन है। इसकी पूरी जानकारी पुराने संपर्क के चलते शारदा प्रसाद समेत अन्य लोगों को थी। शिवमूरत के पुत्र संजय सिंह कैंसर रोग से पीड़ित हैं। वे मुंबई समेत अन्य शहरों के अस्पतालों से दवा करा रहे हैं। इसका फायदा उठाकर छलकपट करते हुए वर्ष 2020 में दूसरे व्यक्ति को शिवमूरत के स्थान पर खड़ा कर विधायक ने अपने बेटों और पत्नी के नाम से जमीन का बैनामा करा लिया। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अपर सिविल जज जूनियर डिविजन ने प्रस्तुत प्रार्थना पत्र को स्वीकार करते हुए थानाध्यक्ष शाहगंज को प्रस्तुत मामले में चंदौली के चकिया से विधायक शारदा प्रसाद की पत्नी सावित्री देवी, दो पुत्र राकेश और सुरेश सहित अन्य पर केस दर्ज कर विधि अनुसार विवेचना करने का निर्देश दिया है। इसकी पुष्टि थानाध्यक्ष संजय कुमार पाल ने की है। उन्होंने कहा कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जाएगी।
----
मुझ पर और मेरे परिवार पर लगाए गए सारे आरोप निराधार हैं। कुछ लोग साजिश के तहत बदनाम करने के लिए ऐसा कर रहे हैं। फिलहाल दिल्ली में हूं। लौटकर इस मामले को देखूंगा। - शारदा प्रसाद, विधायक चकिया।