सोनभद्र। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य व्यापी आह्वान पर बृहस्पतिवार को जिला कौंसिल के कार्यकर्ताओं ने बिजली के निजीकरण के विरोध में कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। छह सूत्री ज्ञापन डीएम को सौंपा।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने पूर्वांचल और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगमों के निजीकरण की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने, संविदा कर्मियों की बहाली, उत्पीड़न की कार्रवाई को वापस लेने की मांग की। स्मार्ट मीटर लगाने के आदेश को रद्द करने, ओबरा ‘डी’ एवं अनपरा ‘ई’ परियोजनाओं को उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम को सौंपने और पूरे विद्युत निगम का पुनर्गठन करने की मांग की। पार्टी नेताओं ने कहा कि निजीकरण की प्रक्रिया उपभोक्ताओं और कर्मचारियों दोनों के हित में नहीं है। प्रदर्शन में भाकपा के जिला सचिव आरके शर्मा, जिला कार्यकारिणी सदस्य बसावन गुप्ता, चंदन प्रसाद, रामजतन, अमरनाथ सूर्य, संजय रावत आदि शामिल रहे।