नगवां ब्लाक के वैनी गांव में लाखों की लागत से बन रही सीसी रोड में घटिया किस्म की सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। इसको लेकर गांव के लोगों में नाराजगी है। इससे नाराज युवक मंगल दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को निर्माण कार्य बंद करा दिया और प्रदर्शन किया। चेताया कि जब तक अधिकारी मौके पर आकर गुणवत्ता की जांच नहीं करते निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।
वैनी गांव में क्षेत्र पंचायत से करीब सात लाख तीस हजार रुपये की लागत से लवकुश पाठक के घर से भोला प्रधान के घर तक सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें मानकों की जमकर अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत संबंधी ठेकेदार से की लेकिन निर्माण कार्य नहीं रुका।
इसकी जानकारी होने पर युवक मंगल दल के ब्लाक अध्यक्ष सुनील शुक्ला के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और काम ठप करा दिया। उनके विरोध को देख वहां पर काम करने वाले भी फरार हो गए। ठेकेदार भी वहां से चलता बना। अध्यक्ष ने कहा कि निर्माण में चार एक की जगह आठ एक का मसाला प्रयोग किया जा रहा है। ईंट की दीवार नौ इंच की जगह चार इंच की लगाई गई है।
शुक्ला ने चेताया कि यदि निर्माण कार्य की जांच कराकर सड़क की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो काम नहीं होने दिया जाएगा। बता दें कि कई बार खंड विकास अधिकारी सुनील सिंह के फटकार के बावजूद ठेकेदार निर्माण में मानकों का पालन नहीं कर रहा है। प्रदर्शन करने वालों में सत्यनारायण मौर्य, अंशू पाठक, धीरेंद्र पटेल, पवन, श्यामसुुंदर, रूपेश, पप्पू जायसवाल, रामकुंवर, रमाकांत मौजूद रहे।