राबर्ट्सगंज विध्य कन्या महाविद्यालय में छात्राओं को पढ़ाती प्राचार्या डॉ.अंजली विक्रम सिंह।
- फोटो : SONBHADRA
दुद्धी/ओबरा। आठ माह बाद सोमवार को महाविद्यालय खुल गए लेकिन विद्यार्थियों की उपस्थिति काफी कम रही। भाउराव देवरस राजकीय पीजी कॉलेज में सिर्फ बीस फीसदी विद्यार्थी ही पढ़ने पहुंचे। कोरोना को देखते हुए गाइड लाइन का पालन किया गया। जबकि ओबरा डिग्री कालेज में अभी प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है जिससे शिक्षण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
भाउराव देवरस राजकीय पीजी कॉलेज कालेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रामसेवक यादव ने बताया विश्वविद्यालय की गाइडलाइन के अनुसार कालेज में छात्र-छात्राओं की 50 विद्यार्थियों की उपस्थिति को लेकर व्यवस्था की गई है लेकिन सोमवार को बीस फीसदी विद्यार्थी ही पहुंचे। यूजीसी की गाइड लाइन का पालन कालेज प्रशासन की ओर से कराया जा रहा है। बगैर मॉस्क के किसी भी छात्र छात्रा को कालेज में प्रवेश नहीं दिया गया। यूजीसी की गाइड लाइन का पालन विद्यार्थियों के अलावा प्रवक्ताओं से भी कराया जा रहा है। महाविद्यालय के गेट पर विद्यार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। हाथों को सैनिटाइज कराया गया। बगैर माक्स के कालेज में प्रवेश वर्जित किया गया है।
ओबरा : ओबरा डिग्री कालेज में अभी प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। इसलिए पठन-पाठन शुरू नहीं हो सका है। प्रवेश द्वार पर ही छात्र-छात्राओं को सैनिटाइज करने और थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। बगैर मास्क के किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। कालेज स्टाफ को भी कोरोना गाइड लाइन का पालन करने का निर्देश दिया गया है।
कालेज आकर खुश हुईं छात्राएं
राबर्ट्सगंज। राबर्ट्सगंज के उरमौरा स्थित विंध्य कन्या पीजी कालेज सोमवार को 15 फीसदी छात्राएं पहुंचीं। बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा कीर्तिबाला रत्ना ने बताया कि वे प्रवेश के लिए आई है। पढ़ाई शुरू होने पर नियमित कालेज आएंगी। बीए की छात्रा रितु गुप्ता, ज्योति मिश्रा और सारिका ने कहा कि लॉकडाउन के बाद वे पहली बार कॉलेज आई है, इससे वे बहुत खुश है। बीए की छात्रा पार्वती और रागिनी गुप्ता ने बताया कि वे कक्षा में सोशल डिस्टेसिंग में बैठकर पहले दिन पढ़ाई की। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ.अंजली विक्रम सिंह ने का कि पहले दिन 15 प्रतिशत छात्राओं की उपस्थिति रही। थर्मल स्क्रीनिंग कर कॉलेज में छात्राओं को प्रवेश दिया गया।