सोनभद्र। कोविड-19 संक्रमण के मद्देनजर जनपद के समस्त प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा प्राइवेट अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं बंद कर दी गई थी लेकिन अब शासन ने इसे चालू करने का निर्णय लिया है। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र जारी कर बंद पड़ी ओपीडी सेवाओं को पुन: चालू करने का निर्देश दिया है। जिससे आम जनमानस को चिकित्सकीय उपचार का लाभ मिल सके।
प्रमुख सचिव ने जारी पत्र में कहा है कि ओपीडी सेवाओं का संचालन न होने से लोगों को चिकित्सकीय उपचार का लाभ नहीं मिल पा रहा था इसको देखते हुए जिले के सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा प्राइवेट क्लीनिक की सभी प्रकार की ओपीडी सेवाओं को प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है। ओपीडी सेवाओं के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन कराया जाएगा। प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले व्यक्तियों की इंफ्रारेड थर्मामीटर से स्क्रीनिंग की जाएगी और एक रोगी के साथ मात्र एक व्यक्ति ही अंदर जा सकेगा। इस दौरान मास्क लगाना अनिवार्य रहेगा। स्वास्थ्य केंद्र में जुखाम, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ वाले रोगियों को अलग कक्ष में जांच व उपचार की व्यवस्था की जाएगी।
प्राइवेट क्लीनिक हेतु दिए गए निर्देश
सोनभद्र। सीएमओ डॉ. एसके उपाध्याय ने बताया कि शासन से निर्देश मिला है कि एक या दो डॉक्टर युक्त प्राइवेट क्लीनिक में ओपीडी सेवा शुरू की जाए। ओपीडी के लिए प्रति घंटे चार से पांच रोगियों के लिए पहले से ही समय दिया जाए जिससे अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। सामाजिक दूरी, मास्क का प्रयोग, बार-बार हाथ धोना संबंधित प्रोटोकाल का पालन किया जाए। चिकित्सालय के डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ को कोविड-19 संबंधित प्रोटोकॉल तथा इनफेक्शन प्रीवेंशन प्रोटोकॉल का समुचित प्रशिक्षण प्राप्त हो। क्लीनिक में मरीजों की स्क्रीनिंग करने के लिए अलग स्थल एवं सुरक्षित स्क्रीनिंग व्यवस्था स्थापित एवं क्रियाशील हो। स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राइवेट क्लीनिक के फर्श, दीवारों, फर्नीचर, दरवाजे, हैंडल एवं अन्य सतहो का हाइपोक्लोराइट घोल से नियमित सफाई किया जाए और मरीज के सहयोगी के रुप में 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को अनुमति प्रदान न किया जाए। सीएमओ ने बताया कि जिले की सभी सीएचसी एवं पीएचसी केंद्रों तथा प्राइवेट अस्पतालों में ओपीडी सेवाओं का संचालन शुरू कर दिया गया है।