मधुपुर सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोविद सेंटर से विदा करते सीएमओ डॉ.एसके उपाध्याय।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। सदर ब्लॉक के मधुपुर स्थित कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित एक ही परिवार के आठ लोगों को पूरी तरह स्वस्थ होने पर बुधवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके उपाध्याय व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीके अग्रवाल की मौजूदगी में कोरोना से जंग जीतने वाले परिवार का पुष्प वर्षा व मालाफूल पहनाकर स्वागत किया गया। उन्हें एंबुलेंस से घर भेज दिया गया। सीएमओ ने बताया कि चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी गांव निवासी एक व्यक्ति अपनी मां, पत्नी और बच्चे समेत मुंबई काम करने गया था। लॉक डाउन के चलते वह परिवार सहित 30 मई को वापस घर आ गया ।31 मई को सभी आठ लोगों का सैंपल लेकर जांच हेतु भेजा गया था ।8 जून को आई जांच रिपोर्ट में सभी लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। जिन्हें मधुपुर में बने कोविड अस्पताल में इलाज हेतु भर्ती किया गया था जहां उनका उपचार चल रहा था। इसी बीच उनका सैंपल दोबारा जांच हेतु भेजा गया तो उनकी जांच रिपोर्ट नेगेटिव पायी गयी। उन्होंने बताया कि कोरोना से जंग जीतने वाले परिवार का स्वागत करते हुए पूरी तरह से स्वस्थ होने पर उन्हें यह हिदायत देते हुए घर वापस भेजा गया कि सात दिनों तक घर में ही रहना है और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य है। सैनिटाइजर या साबुन से बार-बार हाथ धोना है ।उन्होंने बताया कि सभी लोगों को सैनिटाइजर व मास्क देकर एंबुलेंस के द्वारा उन्हें वापस घर भेज दिया गया।