ओबरा में विद्युत इंजीनियर सगठन के आमसभा में उपस्थित संगठन के पदाधिकारी।
- फोटो : SONBHADRA
ओबरा। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के केंद्रीय महासचिव इं. जयप्रकाश ने ओबरा का दौरा किया। उनके साथ केंद्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष बलबीर यादव, केंद्रीय उप महासचिव नीरज बिंद, उपमहासचिव अनूप वर्मा, अनपरा शाखा के अध्यक्ष हरिशंकर चौधरी भी साथ रहे। केंद्रीय महासचिव के ओबरा आगमन पर ओबरा के सदस्यों ने भव्य स्वागत किया। केंद्रीय महासचिव के आगमन के पश्चात स्थानीय शाखा कार्यालय पर आम सभा का भी आयोजन किया गया। सभा में सदस्यों ने संवर्ग एवं स्थानीय समस्या से केंद्रीय टीम को अवगत कराया।
केंद्रीय संचालन समिति के सदस्य अभिषेक यादव ने संवर्ग की समस्या को महासचिव के सामने रखा। कहा कि अवर अभियंता का प्रथम समयबद्ध वेतनमान 4,800 रुपये ग्रेड पे के स्थान पर 5,400 रुपये होना चाहिए। अवर अभियंता को नियुक्ति के समय रुपये 4,600 रुपये ग्रेड पे मिलता है। वर्तमान में इस ग्रेड वेतन में नौ वर्ष बाद मात्र 200 की बढ़ोतरी होती है जो कहीं से भी न्यायसंगत नहीं है। पंकज गुप्ता ने मांग की कि अवर अभियंता का रात्रिभत्ता जो कई वर्षों से संशोधित नहीं हुआ है उसे संशोधित किया जाए। केंद्रीय महासचिव जयप्रकाश ने सभा को संबोधित करते हुए बताया कि संगठित रहकर ही हम संवर्ग के हितों की रक्षा कर सकते हैं। उन्होंने भत्ता रिवीजन, उत्पादन भत्ता, रात्रिकालीन भत्ता के संबंध में उच्च प्रबंधन से बात करने का आश्वासन दिया। इस दौरान बलवीर यादव, रामबचन कुशवाहा, हरिशंकर चौधरी, आशीष गुप्ता, अनूप वर्मा आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता अभय प्रताप सिंह ने की। संचालन ओपी पाल ने किया।