सोनभद्र। अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक वर्ग को छोड़कर) के छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यह जानकारी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार पांडेय ने दी।
उन्होंने बताया कि शासन से निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कक्षा 9 व 10 (पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना) और कक्षा 11 व 12 (दशमोत्तर योजना) के छात्रों को 2 जुलाई से 30 अक्तूबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। वहीं, अन्य दशमोत्तर कक्षाएं (संस्थान स्तर) के छात्र-छात्राएं 10 जुलाई से 20 दिसंबर 2025 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन छात्रवृत्ति की वेबसाइट पर किया जाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पात्र छात्रों के आवेदन सुनिश्चित कराना संबंधित शिक्षण संस्थानों के कक्षाध्यापक व नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र छात्र-छात्रा शिक्षा से वंचित न रहे। ऐसे में सभी शिक्षण संस्थानों से अपेक्षा की गई है कि वे समय से छात्रों का ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कराएं। विभाग ने सभी पात्र छात्रों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उन्हें योजना का लाभ समय पर मिल सके।