थाना क्षेत्र में वृहस्पतिवार की रात चोर भलुआ रेलवे क्रासिंग के पास केवल चौरसिया के मकान से नकदी समेत कीमती सामान समेट ले गए। इस घटना में चोर 50 हजार नकद, जेवर और कागजात उठा ले गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी है।
केवल चौरसिया की तरफ से दी गई तहरीर में कहा गया है कि चोर कीमती सामानों से भरा वैवाहिक बक्सा ले गए। उसमें पचास हजार नकद, कुछ सोने व चांदी के गहने तथा कीमती साड़ियां व बच्चों के नए कपड़े थे। इसके अलावा बक्से में कुछ फिक्स डिपॉजिट व जमीन की रजिस्ट्री के भी कागजात थे। बताया है कि वह एक बीमार रिश्तेदार को देखने कहीं बाहर गए थे। पत्नी निर्जला जीवित्पुत्रिका व्रत थीं। अंदर गर्मी के कारण छत पर गयी और उनकी आंख लग गई और सो गईं। इतने में बच्चे भी टीवी देखते के बाद अपनी मां के पास जाकर सो गए। पत्नी तथा बच्चों को उम्मीद थी कि उनके पापा जल्दी आ जाएंगे। इस कारण सभी ऊपर ही सो गए। इसके बाद पत्नी की जब अचानक रात दो बजे नींद टूटी तो वह नीचे आयी और बक्सा गायब पाकर आपा खो बैठीं और चोर-चोर चिल्लाने लगी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।