चोपन। जुगैल थाना क्षेत्र के अगोरी किला के समीप बृहस्पतिवार दो बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक घायल हो गया। उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार मध्य प्रदेश के ठटरा निवासी कांग्रेस (20) पुत्र चोराटी और चंद्रमा पुत्र बोखे एक बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। बाइक सवार अगोरी किला के समीप ही पहुंचे थे कि विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कांग्रेस की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चंद्रमा मामूली रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के पश्चात पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर, मौत की सूचना पाते ही परिजनों में कोहराम मच गया।