सोनभद्र। जिले में शनिवार को तड़क-गरज के साथ बारिश हुई। बारिश के साथ बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि बिजली के झटके से मृतक की पत्नी समेत 14 लोग झुलस गए हैं। ग्रामीणों ने संतू की मौत की सूचना पुलिस को दे दी है।
मधुपुर : शनिवार की दोपहर करीब दो बजे सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के नागनार हरैया गांव में बिजली की चपेट में आने से संतू (42) निवासी नागनार हरैया की मौत हो गई। वह अपने घर से कुछ दूर किसी काम से गया था। साथ में उनकी पत्नी रीता भी थीं। दंपती अपने घर वापस लौट रहे थे। उसी वक्त बारिश के साथ बिजली गिर पड़ी। संतू की मौके पर मौत हो गई। वहीं रीता अचेत हो गई। उसी गांव में बिजली की चपेट में आने से आशा एवं गुलशन भी झुलस गए। ग्रामीणों ने पुलिस को मौत की सूचना देने के साथ ही घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया।
खलियारी : मांची थाना क्षेत्र के नगवां गांव में बारिश के साथ बिजली गिरी। बिजली के झटके से नगवां की रहने वाली सोनाली, बबिता, सुनैना, धर्मेंद्र, रमेश, रेखा, किताबी, राधिका, रामनरेश झुलस गए। बारिश समाप्त होने के बाद सभी घायलों को लेकर परजिन नजदीकी एक प्राइवेट चिकित्सक के पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार होने के बाद दो महिलाओं की हालत में सुुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन सोनाली और बबिता को जिला अस्पताल ले गए। उधर रायपुर थाना क्षेत्र के सरईगाढ गांव में भी बिजली गिरने से दो महिलाओं को झटका लगा। ग्रामीणों की मदद से दुर्गावती और सविता को सीएचसी वैनी ले जाया गया।