सलखन/सोनभद्र। जिले में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति मौत और 24 लोग घायल हो गए। चोपन थाना क्षेत्र के सलखन गांव में श्रद्धालुओं से भरी मैजिक खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में रामसेवक (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। वहीं राबर्ट्र्सगंज क्षेत्र के मारकुंडी घाटी में आटो पलटने से छात्रा समेत 7 घायल हो गए। उरमौरा में ट्रक के धक्के से एक बाइक सवार घायल हो गया। नाराज लोगों ने ट्रक चालक की पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस द्वारा घायलों को जिला अस्पताल ले गया। दो लोगों को रेफर कर दिया गया।
दोपहर करीब दो बजे सलखन गांव में राबर्ट्र्सगंज से चोपन की ओर जा रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। इससे पिकअप के चालक समेत 11 लोग घायल हो गए। घटना में मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के महुअरिया थाना क्षेत्र के ठठरा गांव निवासी रामसेवक (55) की मौत हो गई। जबकि डब्लू (36), हरदेश (60), सविता (35), पूजा (25), महाराजी (50), पुरषोत्तम (65), दिलीप (35), शिवकुमार (40), राजकुमारी (41), बसंत (35), ग्वाले (52), शिवम (4) घायल हो गया। घायलों ने बताया कि रविवार को वे लोग विंध्यवासिनी माता का दर्शन करने के लिए गए थे। वहां से लौटते वक्त शिवद्वार गए।
वहीं 2:15 बजे मारकुंडी घाटी के दूसरे मोड़ पर राबर्ट्सगंज से सवारियों को लेकर चोपन जा रही आटो पलट गई। हादसे में आटो चालक राबर्ट्सगंज निवासी हजरत (42), पन्नूगंज क्षेत्र के किरहुलिया गांव निवासी अमरावती (45), रेशमा (32), सरस्वती (6), चोपन क्षेत्र के सलखन गांव निवासी दिव्या (21), गरईडीह निवासी हरि प्रसाद (40) घायल हो गए। उधर उरमौरा में ट्रक के धक्के से बाइक सवार भगरदह निवासी राजन (18) घायल हो गया। वहीं घोरावल संवाददता के अनुसार क्षेत्र के धरसड़ा गांव में सोमवार को ऑटो से हुई भिड़ंत में बाइक सवार दो कांवरियों समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
यहां दो घायलों को मिर्जापुर मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। विंध्याचल क्षेत्र के सोनबरसा निवासी विकास कुमार बिंद (19) पुत्र लालजी बिंद और उसका चाचा केदारनाथ बिंद (32) पुत्र शिव बिंद रविवार को मिर्जापुर में गंगा नदी के बरियाघाट से कांवड़ में गंगाजल भरकर शिवद्वार के लिए प्रस्थान किए। सोमवार को शिवद्वार मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के बाद दोपहर करीब 12 बजे दोनों लोग अपने पड़ोस के गांव के ही करीब 30 वर्ष के एक अज्ञात व्यक्ति के साथ बाइक पर बैठकर अपने घर वापस लौटने लगे।
धरसड़ा गांव में बेलन नदी के पास एक गाड़ी से पास लेने के दौरान बाइक सवार तीनों लोगों की सामने से आ रहे ऑटो से टक्कर हो गई। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहीं म्योरपुर संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के रासपहरी गांव में सोमवार को मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर बाइक से गिरकर दो युवक घायल हो गए। रासपहरी गांव में सियाराम (30) पुत्र मोहर निवासी किरबिल व उमेश (28) पुत्र रामकेश्वर निवासी देवरी सोमवार को बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती किया गया है।